Chhattisgarh News: बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कपिल नगर इलाके में सोमवार को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 26 वर्षीय युवक ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. युवक अकेले रहकर पढ़ाई कर रहा था. घटना की जानकारी तब हुई, जब शाम को उसके दोस्त उससे मिलने पहुंचे.
रायगढ़ का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान आकाश कुमार पंडा (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रायगढ़ के घरघोड़ा के ग्राम अमलीडीह का रहने वाला था. आकाश पिछले काफी समय से बिलासपुर में रहकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था.
दोस्तों को हुई अनहोनी की आशंका
सोमवार शाम जब दोस्त उसके कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी देर तक आवाज देने और फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला.अनहोनी की आशंका पर खिड़की से झांककर देखा गया, जहां आकाश का शव फंदे पर लटका नजर आया. इसके बाद तत्काल सरकंडा पुलिस को सूचना दी गई.
परिजनों की मौजूदगी में खोला गया कमरा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों के रायगढ़ से पहुंचने तक दरवाजा न खोलने का अनुरोध किया गया. परिजनों के आने के बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की.
मकान मालिक का बयान
मकान मालिक ने बताया कि घटना वाले दिन आकाश काफी परेशान नजर आ रहा था. वह पहली मंजिल पर बने कमरे में रहता था और शाम के वक्त 3-4 बार नीचे आया. पूछने पर उसने मुस्कराते हुए कहा- “कुछ नहीं”, लेकिन उसके अचानक उठाए गए कदम से सभी स्तब्ध और दुखी हैं. मकान मालिक के अनुसार, आकाश हंसमुख और मिलनसार स्वभाव का युवक था.
सुसाइड नोट में छलका दर्द
सूत्रों के अनुसार, कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आकाश ने आर्थिक तंगी का जिक्र करते हुए लिखा है कि वह अपने माता-पिता पर बोझ नहीं बनना चाहता था. लगातार परीक्षा परिणामों में मिली असफलताओं ने उसे भीतर तक तोड़ दिया था. इसी मानसिक दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया. नोट में उसने अपने माता-पिता से माफी भी मांगी है.
पुलिस जांच जारी
बिलासपुर एडिशनल एसपी सीटी पंकज पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मानसिक दबाव से जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस युवक के मोबाइल कॉल डिटेल्स, दोस्तों से बातचीत और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच कर रही. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: Shivrinarayan Mela: जांजगीर चांपा के शिवरीनारायण मेला में बड़ा हादसा, हवाई झूला टूटने से 6 लोग नीचे गिरे, तीन घायल