IPL 2026 MS Dhoni IPL Injury: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के प्रशंसकों के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है. टीम के दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी काफ स्ट्रेन के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती दो हफ्तों में मैदान से दूर रह सकते हैं. सीएसके फ्रेंचाइजी ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि एमएस धोनी फिलहाल पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव (काफ स्ट्रेन) की चोट से उबरने की प्रक्रिया में हैं और रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं. इसी वजह से उनके टाटा आईपीएल 2026 के पहले दो सप्ताह के मुकाबले मिस करने की संभावना जताई गई है.
Official Statement
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) March 28, 2026
MS Dhoni is currently undergoing rehabilitation for a calf strain. As a result, he is likely to miss the first two weeks of TATA IPL 2026.
Get well soon, Thala! 💛🦁 pic.twitter.com/4dgmt5EWFi
सीएसके ने एक्स पर दी जानकारी
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आधिकारिक ‘एक्स' (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, "महेंद्र सिंह धोनी इस समय पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के लिए रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं. इसके चलते उनके आईपीएल 2026 के शुरुआती दो हफ्तों तक न खेलने की आशंका है. जल्द ठीक हो जाओ, थाला!"
इस बार CSK के सीजन की शुरुआत 30 मार्च से
चेन्नई सुपर किंग्स अपने आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी. यह मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. हालांकि, इस मुकाबले में एमएस धोनी के नजर आने की संभावना बेहद कम है.
Superfans, are you ready? 🤩
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) March 26, 2026
This summer, all you need is Yellove and #WhistlePodu for the Super Kings! 💛🥳#IPL2026 pic.twitter.com/FpUKEAu31X
- आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा.
- वहीं चेन्नई सुपर किंग्स 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी.
- इसके बाद टीम 3 अप्रैल को पंजाब किंग्स, 5 अप्रैल को आरसीबी, 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी.
ट्रेड से बदली टीमों की तस्वीर
इस सीजन से पहले हुए बड़े ट्रेड में पूर्व राजस्थान रॉयल्स खिलाड़ी संजू सैमसन ने चेन्नई सुपर किंग्स का दामन थामा है, जबकि सीएसके के अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ट्रेड के तहत राजस्थान रॉयल्स में लौटे हैं. इसी ट्रेड डील का हिस्सा रहे इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन भी चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर रहेंगे.
धोनी की गैरमौजूदगी में सैमसन संभाल सकते हैं विकेटकीपिंग
अगर धोनी शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेलते हैं, तो टीम के लिए विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी मुख्य रूप से संजू सैमसन संभालते हुए नजर आ सकते हैं. सैमसन पहले राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रह चुके हैं और उन्हें सीएसके ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए टीम में शामिल किया है.
क्या यह धोनी का आखिरी आईपीएल होगा?
लंबे समय से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि आईपीएल 2026 एमएस धोनी का अंतिम सीजन हो सकता है. लगातार बनी हुई घुटने की परेशानी और बढ़ती उम्र को लेकर धोनी खुद भी पहले संकेत दे चुके हैं. हाल ही में चेपॉक स्टेडियम में आयोजित ‘ROAR 26' फैन इवेंट के दौरान धोनी ने अपनी फिटनेस को लेकर कहा था कि, "यह अब नीचे की ओर जा रही है."
बल्लेबाजी क्रम में बदली भूमिका
फिटनेस और उम्र को ध्यान में रखते हुए धोनी अब निचले मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते नजर आते हैं. वह डेथ ओवर्स में आक्रामक शॉट्स लगाकर फिनिशर की भूमिका निभाते हैं, जिससे न सिर्फ अपने शरीर को बचाते हैं बल्कि ‘थाला किंगडम' के फैंस का भी खूब मनोरंजन करते हैं.
धोनी के बाद की तैयारी में सीएसके
रुतुराज गायकवाड़ के नेतृत्व में सीएसके ने बीते कुछ समय से टीम को नई दिशा देने की कोशिश की है. संजू सैमसन जैसे लोकप्रिय विकेटकीपर को शामिल करना और अनकैप्ड राजस्थान विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा पर 14.20 करोड़ रुपये खर्च करना भी इस बात के संकेत हैं कि फ्रेंचाइजी धोनी के बाद के दौर की योजना पर काम कर रही है.
आईपीएल में धोनी का शानदार रिकॉर्ड
एमएस धोनी ने अपने आईपीएल करियर में अब तक 278 मैचों में 242 पारियों के दौरान 5,439 रन बनाए हैं. उनका औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 रहा है. इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 84 रन रहा है. वह आईपीएल इतिहास के छठे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. पिछले सीजन में सीएसके के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद धोनी ने 13 पारियों में 196 रन बनाए थे. उनका औसत 24.50 और स्ट्राइक रेट 135 से अधिक रहा, जबकि सर्वोच्च स्कोर नाबाद 30 रन था.
यह भी पढ़ें : IPL 2026: किंग कोहली का 'घर' बन सकता है रायपुर या इंदौर; RCB बेंगलुरु की जगह बदल सकती है होम ग्राउंड
यह भी पढ़ें : ओडिशा की अंजली का रायपुर में कमाल; वैन ड्राइवर की बेटी खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की पहली महिला गोल्ड मेडलिस्ट
यह भी पढ़ें : राजमिस्त्री की बेटी ने रचा इतिहास; असम की मोनिखा सोनोवाल ने वेटलिफ्टिंग में जीता गोल्ड मेडल, लंबा है संघर्ष
यह भी पढ़ें : APAAR ID का 100% लक्ष्य; MP में 'विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार', ऐसे बनेंगे Aadhaar कार्ड