विज्ञापन
This Article is From Feb 24, 2026

जाकिर खान ने नहीं लिया 5 साल का ब्रेक! कहा- ‘लिखने वाले भी घटिया है...’

जाकिर खान ने साफ किया है कि वे 5 साल का कोई लंबा ब्रेक नहीं ले रहे हैं. हाल में फैल रही उनकी खराब सेहत और स्टेज छोड़ने वाली खबरों को उन्होंने गलत बताया. जाकिर के अनुसार वे सिर्फ अपने लंबित लेखन‑कार्य और पर्सनल वर्क पर समय देना चाहते हैं.

जाकिर खान ने नहीं लिया 5 साल का ब्रेक! कहा- ‘लिखने वाले भी घटिया है...’

Zakir Khan Health Update: साल 2026 की शुरुआत में हैदराबाद के एक शो के दौरान इंदौर के रहने वाले कॉमेडियन जाकिर खान ने लाइव टूर से लंबा ब्रेक लेने की बात कही थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा चल पड़ी कि वे 3–5 साल के लिए स्टेज से दूर हो रहे हैं. अब जाकिर ने साफ कर दिया है कि यह “5 साल का ब्रेक” वाली खबरें बढ़ा‑चढ़ा कर लिखी गईं. वे स्टेज छोड़ नहीं रहे, बल्कि कुछ समय के लिए अपने लिखने के काम पर फोकस करना चाहते हैं और उनकी सेहत भी उतनी खराब नहीं है, जितना अफवाहों में बताया गया.

अटकलों पर विराम: क्या हो रहा है?

हाल ही के एक स्पोकन फेस्ट में जाकिर खान ने कहा कि उनके पास पिछले छह साल से टलता आ रहा लेखन‑कार्य है, जिसे पूरा करने के लिए वे परफॉर्मेंस घटा रहे हैं. उन्होंने साफ कहा कि इंटरनेट पर जो “सीरियस हेल्थ इश्यू” वाली बातें चल रही हैं, वे गलत हैं. उनकी सेहत “बहुत अच्छी नहीं, पर बहुत बुरी भी नहीं” है.

परिवार के सोर्स के हवाले जाकिर की नाराजगी

जाकिर ने यह भी कहा कि उनके ब्रेक को लेकर “परिवार के करीबी सूत्र” जैसी बातें मनगढ़ंत हैं. उनका कहना है कि परिवार उनके साथ ही रहता है. ऐसे में “किसने क्या कहा” जैसी अफवाहें बेबुनियाद हैं. उन्होंने इन खबरों को लिखने वालों पर सख्त शब्दों में नाराजगी जताई.

जनवरी के अनाउंसमेंट को किया डिकोड 

जनवरी के दूसरे हफ्ते में “पापा यार” टूर के दौरान जाकिर ने मंच से बताया था कि आगे वे कम शहरों में, कम शो करेंगे. उन्होंने यह भी कहा था कि ब्रेक तीन से पांच साल तक खिंच सकता है. इसका मकसद है हेल्थ का ख्याल रखना और पेंडिंग पर्सनल‑वर्क व राइटिंग को समय देना. बाद में इंस्टाग्राम स्टोरी में भी उन्होंने लिखा कि “20 जून तक हर शो एक सेलिब्रेशन है,” यानी कुछ शहरों में वे अब भी प्रदर्शन करेंगे.

दरअसल, जाकिर खान पिछले कुछ वर्षों में लगातार टूर, स्पेशल्स और प्रोजेक्ट्स में व्यस्त रहे. उनके मुताबिक, लंबी दौड़ में टिके रहने के लिए नई, ठोस और ईमानदार राइटिंग जरूरी है. यही कारण है कि वे शो की संख्या घटाकर कंटेंट‑क्रिएशन पर अधिक ध्यान देना चाहते हैं, ताकि मंच पर लौटने पर दर्शकों को और बेहतर सामग्री मिल सके.

करियर की बड़ी उपलब्धियां

पिछले साल जाकिर ने न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में हिंदी स्टैंड‑अप करके एक नया मुकाम छुआ, इसे उन्होंने “बड़ा दिन” कहा था. 2012 में कॉमेडी सेंट्रल के ‘इंडियाज़ बेस्ट स्टैंड‑अप' जीतने के बाद से वे ‘हक से सिंगल', ‘कक्षा ग्यारहवीं' जैसे स्पेशल्स और अपनी ‘सख्त लौंडा' पर्सोना की वजह से देश‑विदेश में विशाल फैनबेस बना चुके हैं.

फैंस के लिए मैसेज- शो अभी जारी हैं...

जाकिर ने दर्शकों से गुजारिश की है कि वे जिन शहरों में आ रहे हैं, वहां के शो को सेलिब्रेशन की तरह लें और यदि संभव हो तो थोड़ी कोशिश करके शो में पहुंचे. क्योंकि वे इस बार हर शहर में नहीं जा पाएंगे. यानी टूर खत्म नहीं हुआ है, बस रफ्तार बदली है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com