MP-Chhattisgarh Weather Update: मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच मौसम में बदलाव हुआ है. इससे गर्मी में थोड़ी राहत मिलेगी. दरअसल, मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों के लिए आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार, आज यानी 15 मार्च को मध्य प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, मुरैना, छिंदवाड़ा, सिवनी, डिंडोरी, मंडला बालाघाट में बारिश होगी. हालांकि प्रदेश के बाकी इलाकों में हीट वेव का दौर जारी रहेगा. अचानक मौसम में बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और टर्फ की वजह से हुआ है.
17 मार्च को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित कर रहा है, जिसके चलते प्रदेश में आंधी और गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना बन रही है.
मध्य प्रदेश के इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार, 16 मार्च को बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर में गरज चमक के साथ बारिश होगी. वहीं मंगलवार, 17 मार्च को सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा 18 मार्च को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश होने की संभावना है.
एमपी में 40.4 डिग्री पहुंचा पारा
शनिवार को नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा. यहां का पारा 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं खरगोन में तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस, मंडला में 38.9 डिग्री सेल्सियस, रतलाम में 38.2 डिग्री सेल्सियस, दमोह में तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस, खंडवा में 38.1 डिग्री सेल्सियस, खजुराहो में 38 डिग्री सेल्सियस, रायसेन में 37.8 डिग्री सेल्सियस और शाजापुर में तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
अगर बड़ी शहरों की बात करें तो राजधानी भोपाल में पारा 37.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 36.6 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 34.1 डिग्री सेल्सियस, उज्जैन में 36.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
छत्तीसगढ़ में भी बदलेगा मौसम, अंधड़ के साथ बारिश की चेतावनी
इधर, छत्तीसगढ़ में भी मार्च महीने में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है. जिसके चलते प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिन में सड़कें सूनी होने लगी. शनिवार को सबसे ज़्यादा तापमान बिलासपुर में 39.6 डिग्री दर्ज किया गया. इसे अलावा दुर्ग में तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर में 38.1 डिग्री सेल्सियस, रायपुर में 38.9 डिग्री सेल्सियस, अम्बिकापुर में तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रहा. हालांकि इस बीच मौसम विभाग राहत भरी खबर दी है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिनों में प्रदेश में अंधड़ के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: नकली सोना देकर 10 लाख रुपये की ठगी: खुदाई में गोल्ड मिलने का झांसा देकर रची थी साजिश, दो गिरफ्तार