Viral Hotel Fight Video: विदिशा में एक निजी होटल के अंदर हुई मारपीट का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. होटल के भीतर शुरू हुआ एक छोटा-सा विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया. यह पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद मामला सामने आया. हालांकि शिकायत थाने तक पहुंची, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, जिससे मामला शांत हो गया.
होटल के अंदर हुई मारपीट, सीसीटीवी में कैद
यह घटना विदिशा के सिटी कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक निजी होटल की है. होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ नजर आ रहा है कि एक युवक दूसरे युवक के साथ मारपीट कर रहा है. बात यहीं नहीं रुकी, होटल के बाहर भी युवक के साथ मारपीट की गई. वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया.
विवाद शांत कराने पहुंचा था पीड़ित
पीड़ित युवक ने बताया कि शुरुआत में होटल के अंदर दो युवकों के बीच आपसी विवाद हो रहा था. वह दोनों को समझाने और मामला शांत कराने की कोशिश कर रहा था. लेकिन कुछ ही देर में हालात बिगड़ गए. उसके अनुसार, थोड़ी देर बाद 6 से 7 युवक मौके पर पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
पीड़ित ने वीडियो फुटेज होने की कही बात
पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना होटल के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. उसने यह वीडियो फुटेज पुलिस को उपलब्ध होने की बात भी कही. वायरल हो रहा वीडियो उसी फुटेज का बताया जा रहा है, जिसे सोशल मीडिया पर कई लोग शेयर कर रहे हैं. इस पूरे मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी. मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी अतुल सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे. बातचीत के बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया, जिसके बाद विवाद खत्म मान लिया गया.
पुलिस ने नहीं की आगे की कार्रवाई
सीएसपी अतुल सिंह के अनुसार, समझौता होने के बाद पुलिस की ओर से कोई आगे की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई. फिलहाल मामला शांत है, लेकिन वीडियो वायरल होने के कारण लोग इस घटना पर सवाल उठा रहे हैं.