उमा भारती की बहू को जान से मारने की धमकी! पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मामला 

उमा भारती की बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उधमीता सिंह लोधी को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. साइबर सेल धमकी देने वाले की पहचान में जुटी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Uma Bharti Family Threat Case: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उधमीता सिंह लोधी को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है. मामले में उधमीता ने अपने पति और पूर्व विधायक राहुल सिंह लोधी के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है.

कौन हैं पीड़िता उधमीता सिंह लोधी?

उधमीता सिंह लोधी वर्तमान में जिला पंचायत की अध्यक्ष हैं. उनके पति राहुल सिंह लोधी पहले खरगापुर से विधायक रह चुके हैं और वे उमा भारती के भतीजे हैं. परिवार और सार्वजनिक पद की जिम्मेदारियों के कारण यह मामला और भी संवेदनशील माना जा रहा है.

फेसबुक पर मिली जान से मारने की धमकी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उधमीता सिंह को जान से मारने की धमकी दी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. इस घटना ने परिवार को गंभीर रूप से चिंतित कर दिया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कानूनी कदम उठाया.

पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज की शिकायत

उधमीता सिंह अपने पति राहुल सिंह लोधी के साथ देहात थाने पहुंचीं और रिपोर्ट दर्ज करवाई. पुलिस ने जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज सहित तमाम धाराओं के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है.

Advertisement

टीकमगढ़ के एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि मामला दर्ज हो चुका है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है. तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.

घर आकर धमकाने की भी शिकायत

अब तक उधमीता सिंह ने वह स्क्रीनशॉट मीडिया को उपलब्ध नहीं करवाए हैं, जिनमें धमकी दी गई थी. इसके अलावा, उन्होंने कुछ अज्ञात लोगों के रात में घर आकर धमकाने की भी शिकायत की है. इन शिकायतों को भी पुलिस जांच के दायरे में शामिल कर रही है. घटना के बाद से उधमीता सिंह ने मीडिया से दूरी बनाए रखी है और वह अब तक कैमरे के सामने नहीं आई हैं. पुलिस प्रशासन का कहना है कि जल्द ही जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है और सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है.

Advertisement