उज्जैन: युवक की संदिग्ध मौत पर हंगामा, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप 

उज्जैन के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में राजनाथ नामक युवक की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए चक्काजाम किया. पुलिस अब मामले की जांच एक्सीडेंट और हत्या, दोनों एंगल से कर रही है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद हंगामा हो गया. हादसा माने जाने वाले इस मामले में परिजनों ने मृत युवक के ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए गुरुवार को नानाखेड़ा थाने के बाहर चक्काजाम कर दिया. टीआई नरेंद्र यादव द्वारा जांच के आश्वासन के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम खत्म किया.

नानाखेड़ा पुलिस को गुरुवार तड़के इंदौर रोड स्थित पंथ पिपलिया एक युवक का शव मिला था, जिसकी पहचान कोलूखेड़ी निवासी राजनाथ पिता दिलीपनाथ (26 साल) के रूप में हुई. प्रथम दृष्टया पुलिस एक्सीडेंट का मामला मानकर जांच कर रही थी. इसी बीच दोपहर में परिजन समाज के लोगों के साथ थाने पहुंचे और चक्काजाम कर दिया. आरोप लगाया कि राजनाथ की हत्या उसके ससुराल पक्ष ने की. लोगों के प्रदर्शन को देख टीआई नरेंद्र यादव पहुंचे और उन्हें जांच कर कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खत्म कराया. 

Advertisement

ujjain youth suspicious death nanakheda police investigation accident murder

मां का आरोप: ससुराल में की गई मारपीट

मृतक की मां संगीतानाथ ने आरोप लगाया कि बेटे को उसकी पत्नी ने ससुराल में एक कार्यक्रम के बहाने बुलाया था, जहां सास-ससुर और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की. रात करीब 12 बजे राजनाथ ने फोन कर उसके साथ मारपीट होने की बात कही थी. इसके बाद परिजन उसे लेने निकले, लेकिन रास्ते में उसका शव मिला. 

अब दो एंगल से जांच

नरेंद्र यादव, टीआई थाना नानाखेड़ा के अनुसार सुबह करीब 4:15 बजे एफआरबी के जरिए सूचना मिली थी कि सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा है. मौके पर पहुंचने पर शव के साथ उसकी गाड़ी भी मिली, जिससे प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का लग रहा था. परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस अब एक्सीडेंट और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है. अब सबकी नजर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सकेगी. 

गेहूं के बंटवारे पर खूनी विवाद; पिता ने बेटे की हत्या करवाई, सागर के गांव में सनसनी

Topics mentioned in this article