Train Accident in Ratlam: रतलाम रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण और हृदयविदारक हादसे ने यात्रियों और रेलवे प्रशासन को झकझोर कर रख दिया. चलती ट्रेन पकड़ने की जल्दबाज़ी एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गई. प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों के सामने ही युवक का संतुलन बिगड़ा और वह ट्रेन की चपेट में आ गया. कुछ ही पलों में उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. यह पूरा घटनाक्रम स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हो गया, जिसका फुटेज सामने आने के बाद हादसे की भयावह तस्वीरें स्पष्ट हुई हैं. घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
प्लेटफार्म नंबर 4 पर हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजकर 35 मिनट पर रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 4 पर हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी संख्या 12904 गोल्डन टेंपल मेल अपने निर्धारित समय पर स्टेशन से रवाना हो रही थी. इसी दौरान एक व्यक्ति तेज़ी से चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था. ट्रेन की रफ्तार और जल्दबाज़ी के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर सीधे ट्रेन के नीचे आ गया.
Train Accident Ratlam: रतलाम में ट्रेन हादसा
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
पूरी घटना स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि युवक ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ता है, लेकिन पैर फिसलते ही वह ट्रेन की चपेट में आ जाता है. हादसा इतना भयानक था कि प्लेटफार्म पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवक की जान चली गई.
मृतक की पहचान हुई
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दाऊद अयाज बेग (40 वर्ष) निवासी जोगी नवादा, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. वह वर्तमान में महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहकर कैटरिंग और इवेंट मैनेजमेंट का कार्य करता था. बताया जा रहा है कि वह दिल्ली से मुंबई लौट रहा था.
ट्रॉली बैग से मिले 4 लाख रुपये नकद
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी मौके पर पहुंची. यात्रियों की सूचना के आधार पर प्लेटफार्म से मृतक का एक ट्रॉली बैग और एक अन्य बैग बरामद किया गया. तलाशी के दौरान बैग में कपड़े, आधार कार्ड और लगभग 4 लाख रुपये नगद मिले. हालांकि जांच में यह भी सामने आया कि मृतक के पास यात्रा से संबंधित कोई वैध टिकट नहीं मिला.
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज, यात्रियों के बयान और मिले सामान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. रेलवे प्रशासन ने एक बार फिर यात्रियों से चलती ट्रेन में चढ़ने से बचने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें : Train Accident: बिलासपुर ट्रेन हादसे की आज से जांच शुरू, दो दिनों तक 19 लोगों से होगी पूछताछ
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: खत्म हुआ इंतजार, आष्टा से लाड़ली बहना की 35वीं किस्त; सीहोर से CM मोहन देंगे ये सौगातें
यह भी पढ़ें : दुष्कर्म पीड़िता दिव्यांग महिला को गर्भपात की HC से अनुमति; ग्वालियर हाईकोर्ट ने कहा- महिला की इच्छा सर्वोपरि
यह भी पढ़ें : Train Accident: बिलासपुर ट्रेन हादसे की आज से जांच शुरू, दो दिनों तक 19 लोगों से होगी पूछताछ