प्रेमिका ने इंस्टा पर किया ब्लॉक, तो युवक ने कर लिया सुसाइड; आखिरी वीडियो में कहा- मुझे धोखा मिला

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में 22 वर्षीय युवक रामलखन अहिरवार का शव पेड़ पर लटका मिला. युवक ने आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर प्रेमिका पर धोखा देने और ब्लॉक करने का आरोप लगाया था. मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के इस चर्चित मामले में पुलिस जांच कर रही है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

टीकमगढ़ जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया और प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद एक 22 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. युवक ने मौत से कुछ समय पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने प्रेमिका पर धोखा देने और उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक करने का आरोप लगाया. इसके बाद उसका शव गांव के पास एक पेड़ पर लटका मिला.  

जानकारी के अनुसार, यह घटना टीकमगढ़ जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के हथेरी गांव की है. यहां रहने वाले 22 वर्षीय रामलखन अहिरवार का अपने ही गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत और मुलाकात का सिलसिला चल रहा था. हालांकि हाल के दिनों में दोनों के रिश्ते में तनाव पैदा हो गया था.

Advertisement

दिल्ली से लौटने के बाद बढ़ा विवाद

परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, रामलखन कुछ समय पहले दिल्ली से अपने गांव लौटा था. गांव लौटने के बाद किसी बात को लेकर युवक और युवती के बीच विवाद हो गया. इसके बाद वह काफी परेशान रहने लगा. बताया जाता है कि वह अपना बैग लेकर इधर-उधर घूमता रहा और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रहा था.

इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया आखिरी वीडियो

सोमवार सुबह करीब 6 बजे रामलखन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया. वीडियो में उसने प्रेमिका द्वारा कथित रूप से ब्लॉक किए जाने और धोखा मिलने की बात कही. यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है. परिवार के लोगों का कहना है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि युवक इतना बड़ा कदम उठा लेगा.

तलाश के दौरान पेड़ पर मिला शव

वीडियो सामने आने के कुछ समय बाद जब युवक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान हथेरी गांव के प्लांटेशन क्षेत्र में एक महुआ के पेड़ पर उसका शव लटका हुआ मिला. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए.

सूचना मिलने पर मोहनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की. पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के मोबाइल फोन तथा सोशल मीडिया गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है.

Advertisement

मोहनगढ़ थाना प्रभारी अंकित द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी.