मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में चंबल नदी को पार कर रहा स्टीमर बीच धार में खराब हो गया और वह पानी के बहाव के साथ काफी दूर तक बहता गया. इसका वीडियो भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि स्टीमर में 100 के आसपास यात्री भी सवार हैं और 40-50 दोपहिया वाहन भी हैं. गनीमत रही कि स्टीमर को कच्छ घाट पर रोक लिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला.
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली. यह स्टीमर रविवार सुबह लगभग साढ़े 9 बजे नगरा थाना क्षेत्र के साहसपुरा के चंबल नदी घाट से शुरू हुआ था और बीच धार में पहुंचने के बाद अचानक बंद हो गया.
यूपी की सीमा तक बहकर चला गया
स्टीमर पानी के बहाव में बहता हुआ मुरैना जिला की सीमा पार करके मध्य प्रदेश के भिंड व उत्तर प्रदेश की सीमा की ओर चला गया. स्टीमर नगरा साहसपुरा के घाट से यूपी के केला घाट की ओर जा रहा था. नगरा घाट से स्टीमर के स्टार्ट होने के बाद जैसे ही नदी के बीच धार में पहुंचा अचानक स्टीमर बंद हो गया. स्टीमर संचालन कर रहे लोगों द्वारा उसे सुधारने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली.
लोगों में बैठ गया था डर
हालांकि, स्टीमर में बैठे कुछ लोगों ने अपने परिजनों को इस बारे में बताया. इस दौरान लोगों में डर का माहौल था. आधे घंटे में ही घाट पर बैठे यात्रियों की आंखों से स्टीमर ओझल हो गया. स्टीमर बहने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए. स्टीमर में बैठे अनेकों यात्री कांवर चढ़ाने उत्तर प्रदेश के बटेश्वरा में जा रहे थे. हालांकि, गनीमत रही स्टीमर घाट किनारे रोक लिया गया और यात्रियों को सुरक्षित उतारा.
ये भी पढ़ें- I-Day के मंच से फूटा पूर्व प्रिंसिपल का गुस्सा, वर्तमान प्राचार्य पर लगाया पैसे देकर पद पाने का आरोप