Murder in Gwalior: ग्वालियर के डबरा सब डिवीजन के पिछोर इलाके में हुई वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि महिला का हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि उसका सगा बेटा ही निकला.
पिछोर के बड़ा बाजार इलाके में हिंगलाज माता मंदिर के पास रहने वाली लक्ष्मी रजक अपने घर में संदिग्ध अवस्था में मृत पाई गई थीं. घटना 20 मार्च की रात की है. सूचना मिलती पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी. पुलिस को शुरुआती जांच में यह मामला हत्या का लगा.
जांच के दौरान “लास्ट सीन” थ्योरी, सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस का शक गहराया कि हत्यारा आसपास का ही कोई निकट संबंधी है और जांच की तो शक मृतका के बेटे संजय रजक पर गया.
मां से अक्सर करता रहता था झगड़ा
एडिशनल एसपी जयराज कुबेर के अनुसार, पूछताछ में आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय शराब पीने का आदी था और पारिवारिक विवाद, संपत्ति के बंटवारे व अन्य कारणों को लेकर अपनी मां से अक्सर झगड़ा करता था. घटना वाले दिन भी विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर अपनी मां को धक्का देकर जमीन पर पटक दिया और फिर उनके ही स्टॉल से गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी.
चश्मदीद गवाह ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उसके द्वारा रोकने के बावजूद आरोपी ने महिला का गला घोंट दिया और बाद में उसे जान से मारने की धमकी भी दी.
पुलिस ने किया गिरफ्तार
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटने से दम घुटना बताया गया है, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है. पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए इस अंधे कत्ल का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया.