विज्ञापन

दामाद का ड्रामा! हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, कूदने की धमकी, ससुराल वाले परेशान

एमपी के सीधी जिले के करमाई गांव में एक दामाद के हाईटेंशन टावर पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। युवक बार‑बार कूदने की धमकी दे रहा है, जिसके कारण पुलिस, प्रशासन और मेडिकल टीम कई घंटों से उसे समझाने में जुट गई.

दामाद का ड्रामा! हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, कूदने की धमकी, ससुराल वाले परेशान

High Tension Tower Video: एमपी के सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र के करमाई गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ससुराल आए एक दामाद ने अचानक ऊंचे हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़कर कूदने की धमकी दे दी. कई घंटों तक चले इस हाई-वोल्ट ड्रामा ने न सिर्फ ससुराल वालों की सांसें अटका दीं, बल्कि पुलिस व प्रशासन को भी मौके पर जुटा दिया. युवक बार‑बार चेतावनी दे रहा है कि अगर जबरदस्ती की गई, तो वह टावर से छलांग लगा देगा.

कैसे शुरू हुआ पूरा मामला?

शहडोल जिले के देवरी गांव निवासी 35 वर्षीय अमर सिंह गोंड़ बीते दिनों होली मनाने के लिए अपनी पत्नी के साथ करमाई गांव में ससुराल आया था. परिजनों के अनुसार, किसी बात पर नाराज होकर वह दोपहर करीब 12 बजे घर से निकला और थोड़ी दूरी पर स्थित हाईटेंशन इलेक्ट्रिक टावर पर चढ़ गया.

परिजन और पुलिस समझाने में जुटे

अमर सिंह के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही ससुराल पक्ष के लोग मौके पर दौड़े और उसे नीचे आने के लिए गुजारिश करने लगे. लेकिन युवक किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ. सूचना मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा तक पहुंची, जिनकी टीम तुरंत पहुंची और लगातार अलाउंस के जरिए उसे समझाने की कोशिश करती रही.

प्रशासन और मेडिकल टीम भी मौके पर

स्थिति गंभीर होती देख तहसीलदार और डॉक्टरों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई. टावर के आसपास सुरक्षा के लिहाज से एहतियात बरते जा रहे हैं, ताकि किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके. अधिकारी लगातार युवक को शांति से नीचे आने का आग्रह कर रहे हैं, लेकिन वह अभी भी अपनी जिद पर अड़ा हुआ है.

नाराजगी की वजह क्या थी?

स्थानीय लोगों के अनुसार, दामाद ससुराल में किसी बात पर नाराज हुआ था. बातचीत के दौरान मामूली कहासुनी के बाद ही वह गुस्से में टावर पर चढ़ गया. परिजनों ने बताया कि वह अक्सर शराब भी पीता है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि टावर पर चढ़ने के समय वह नशे में था या नहीं.

“अगर जबरदस्ती की गई तो कूद जाऊंगा”  

नीचे खड़े लोगों के मुताबिक, अमर सिंह बार‑बार कह रहा है कि यदि उस पर दबाव बनाया गया, तो वह टावर से छलांग लगा देगा. उसकी यह चेतावनी प्रशासन और परिवार दोनों के लिए परेशानी का कारण बन गई है.

थाना प्रभारी का बयान

थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. पूरी टीम सतर्कता के साथ काम कर रही है और कोई जोखिम भरा कदम नहीं उठाया जाएगा. ससुराल पक्ष भी लगातार समझाने में जुटा है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close