Shivpuri Kinnar Controversy: शिवपुरी जिले के रन्नोद थाना क्षेत्र अंतर्गत खतौरा कस्बे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां वर्चस्व की जंग को लेकर किन्नरों के दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई. इस हिंसक झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. विवाद इस हद तक बढ़ गया कि एक पक्ष के किन्नरों ने दूसरे पक्ष के किन्नरों के बाल काट दिए और उन्हें लहूलुहान कर दिया. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 8 आरोपी किन्नरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
जनसुनवाई तक पहुंचा था मामला
बता दें कि दोनों पक्षों के बीच चल रहा यह विवाद नया नहीं है. इससे पहले पीड़ित पक्ष ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में शिवपुरी कलेक्टर को एक आवेदन भी सौंपा था. आवेदन में सुरक्षा की गुहार लगाते हुए विपक्षी गुट द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत की गई थी. इसके बावजूद, मामला शांत होने के बजाय खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया.
बीच सड़क पर काटा हंगामा, काटे बाल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खतौरा कस्बे में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडे चल गए. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक पक्ष के किन्नरों ने दूसरे पक्ष को बुरी तरह पीटा और सरेराह उनके बाल काट दिए. इस हमले में कुछ किन्नर गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए रन्नोद थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर तत्परता से कार्रवाई की है. पुलिस ने बताया कि किन्नरों के दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला संज्ञान में आया है. पीड़ित पक्ष की शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर 8 आरोपी किन्नरों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
बता दें कि इस घटना के बाद से खतौरा कस्बे में तनाव का माहौल है. हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.