शिवपुरी में डेढ़ करोड़ की चोरी: दो किसानों के घरों से 1 किलो सोना और 20 लाख नगदी ले उड़े चोर

Shivpuri Crime News: शिवपुरी के इंदार गांव में डेढ़ करोड़ की बड़ी चोरी. चोरों ने दो घरों से 1 किलो सोना और 20 लाख नगद पार किए. ज्वेलरी शॉप के बाद शिवपुरी पुलिस के लिए यह दूसरी बड़ी चुनौती.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Shivpuri Gold Theft: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बेखौफ चोर पुलिसिया इकबाल को खुली चुनौती दे रहे हैं. हाल ही में एक ज्वेलरी शॉप में हुई 2 करोड़ की चोरी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि जिले के इंदार गांव में चोरों ने एक ही रात में दो संपन्न किसान परिवारों के घरों को निशाना बनाकर डेढ़ करोड़ रुपए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया. अज्ञात चोरों ने इस दौरान 1 किलो सोना, ढाई किलो चांदी और करीब 20 लाख रुपए नगद पार कर दिए. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.

एक ही रात में दो घरों में धावा, तोड़े तीन बक्सों के ताले

वारदात इंदार गांव की है, जहां चोरों ने सबसे पहले इलाके के प्रतिष्ठित और संपन्न किसान चंद्रप्रकाश रघुवंशी के घर को निशाना बनाया. जानकारी के अनुसार, चोरों ने कमरे में रखे तीन भारी बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे पुश्तैनी और नए जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया. परिजनों ने बताया कि करीब 50 तोला सोना पुराना (पुश्तैनी) था और 60 तोला सोना नया था. चोरी हुए सामान में 17 सोने की अंगूठियां,3 हार,4 सोने की चेन और पुरानी मोहरें शामिल हैं. इसके अलावा करीब दो किलो चांदी के जेवरात भी चोर अपने साथ ले गए.

मक्का बेचकर रखे थे 15 लाख, वो भी चोरी

चंद्रप्रकाश रघुवंशी के बेटे आशीष रघुवंशी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपनी मक्का की फसल बेचकर घर में 15 लाख रुपए रखे थे. इसके अलावा 5 लाख रुपए घर में पहले से मौजूद थे.चोरों ने इन 20 लाख रुपयों पर भी हाथ साफ कर दिया. बता दें कि रघुवंशी परिवार के पास करीब 130 बीघा उपजाऊ जमीन है और उनके एक बेटे देवेंद्र गुना में पटवारी हैं.परिवार के बच्चे और महिलाएं पढ़ाई के लिए गुना में रहते हैं, जबकि पुरुष और बुजुर्ग गांव में ही रहकर खेती संभालते हैं. चोरों ने इसी सूनेपन और संपन्नता का फायदा उठाकर इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया.

दूसरे घर में भी दी दबिश, लाखों पर हाथ साफ

इसी रात चोरों ने गांव के ही रामवीर सिंह रघुवंशी के घर को भी निशाना बनाया. परिजन शिवकुमार रघुवंशी के अनुसार, चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर करीब 12 तोला सोने के जेवरात, आधा किलो चांदी और हजारों की नगदी चोरी कर ली. एक ही रात में हुई इन दो बड़ी चोरियों ने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है. इंदार थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन फिलहाल उसके हाथ खाली हैं. हाल के दिनों में ज्वेलरी शॉप में हुई 2 करोड़ की चोरी के बाद यह दूसरी बड़ी घटना है, जिसने स्थानीय निवासियों को खौफ से भर दिया है.
ये भी पढ़ें: 'शादी नहीं की तो केस करूंगी...' यहीं बिगड़ी बात, बिहार से MP लाकर की प्रेमिका की हत्या, 2000 CCTV से खुला राज   

Advertisement