शिवपुरी में सिलेंडर में ब्लास्ट होने से मकान ढहा, मलबे में दबने से मासूम की मौत, 4 लोग घायल

शिवपुरी के खनियाधाना में रसोई गैस सिलेंडर फटने से भीषण हादसा हो गया. यहां मकान की दीवार गिरने से 4 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार लोग गंभीर घायल हो गए. इस हादसे से इलाके में हड़कप मच गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
जोरदार धमाके से पूरा इलाका कांप गया.

​शिवपुरी मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना कस्बे में बुधवार सुबह रिहायशी मकान में हुए भीषण ब्लास्ट में 13 वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा और एसपी शिवपुरी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

नाश्ता बनाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना खनियाधाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुबह तकरीबन 9:00 बजे हुई. उस समय घर की रसोई में सुबह का नाश्ता तैयार किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से गैस रिसाव (लीकेज) होने के कारण आग भड़क गई और देखते ही देखते इसने विकराल रूप ले लिया.

Advertisement

अवैध पेट्रोल-डीजल के भंडारण से हुआ 'बारूद' जैसा धमाका

मामले में सबसे गंभीर और चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया है कि उक्त मकान के भीतर व्यावसायिक उद्देश्य से भारी मात्रा में पेट्रोल और डीजल का अवैध रूप से भंडारण किया गया था. रसोई से भड़की आग जैसे ही इस ज्वलनशील ईंधन तक पहुंची, वहां एक ज़ोरदार विस्फोट (ब्लास्ट) हो गया. धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरा पक्का मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया और मलबे में तब्दील हो गया.

​मलबे में दबने से मासूम की मौत, 4 घायल

इस भीषण विस्फोट और मकान के जमींदोज होने के कारण 13 साल की मासूम बच्ची मलबे और आग की चपेट में आ गई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया वहीं घर में मौजूद चार अन्य लोग मलबे में दबने और गंभीर रूप से झुलसने के कारण घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बाहर निकाला गया.

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए शिवपुरी जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) तत्काल खनियाधाना पहुंचे और दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त मकान और घटना स्थल का बारीक निरीक्षण किया. कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को घायलों के त्वरित और समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं. सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अवैध भंडारण पर सख्त रुख

पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर ने रिहायशी इलाके में इस तरह पेट्रोल-डीजल के अवैध भंडारण को लेकर गहरी नाराजगी जताई. अधिकारियों ने साफ किया है कि इस लापरवाही और अवैध कारोबार के पीछे जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.  पुलिस ने मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है. गैस सिलेंडर के रिसाव के साथ-साथ अवैध ईंधन भंडारण के विस्फोटक एंगल से पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

Advertisement
Topics mentioned in this article