एमपी: शिवपुरी की आटा फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का सामान खाक; जेसीबी-दमकल ने आग पर पाया काबू 

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक आटा फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिससे लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. आग तेजी से फैली लेकिन मौके पर पहुंची दमकल और जेसीबी की मदद से समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टला.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Madhya Pradesh Factory Fire: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक आटा फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी. तेजी से फैलती आग ने देखते ही देखते फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा अपनी चपेट में ले लिया और लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. हालांकि मौके पर पहुंची दमकल और जेसीबी की मदद से आग को समय रहते काबू में कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

शॉर्ट सर्किट से फैक्ट्री में लगी आग

शुक्रवार को शिवपुरी के गुना बायपास स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में एक आटा फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई. हादसा उस समय हुआ जब फैक्ट्री मालिक और कर्मचारी मौके पर मौजूद थे, जिससे तुरंत मदद मिल सकी. आग बहुत तेजी से फैली और थोड़े ही समय में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा जलने लगा.

Advertisement

दमकल और जेसीबी की तेज कार्रवाई से टला बड़ा हादसा

आग लगते ही तुरंत फायर ब्रिगेड और देहात थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जेसीबी मशीन की मदद से रास्ता बनाकर दमकल कर्मियों ने अंदर तक पहुंच बनाई और आग बुझाने का काम शुरू किया. कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया. यदि कुछ देर और लग जाती, तो पास की अन्य फैक्ट्रियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं.

लाखों का सामान जलकर खाक

फैक्ट्री में गेहूं से आटा तैयार कर पैकिंग का काम होता है. आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री में रखा बड़ा स्टॉक जल गया, जिससे लाखों रुपए का नुकसान हो गया. धुएं और आग की वजह से पूरे क्षेत्र में घबराहट फैल गई थी. दमकल विभाग और प्रशासनिक टीम ने आग पूरी तरह बुझने के बाद फैक्ट्री का निरीक्षण शुरू किया. फिलहाल प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि कुल कितना नुकसान हुआ है और आग कितनी तेजी से फैली.