युवक के गले में फंसी चिकन की हड्डी! डॉक्टरों ने सर्जरी कर निकाली, मुश्किल से बच पाई जान

शाजापुर में चिकन खाते समय 24 साल के युवक के गले में नुकीली हड्डी फंस गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई. सांस लेने और बोलने में परेशानी होने पर परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Bone Stuck in Throat Surgery: शाजापुर में एक छोटी‑सी लापरवाही युवक की जान पर भारी पड़ सकती थी. खाना खाते समय गले में फंसी नुकीली हड्डी ने 24 साल के युवक की हालत इतनी बिगाड़ दी कि उसकी सांस तक अटकने लगी. परिजनों की सूझबूझ और डॉक्टरों की तत्परता से समय रहते सर्जरी की गई और एक बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल युवक खतरे से बाहर है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है.

चिकन खाते समय हुआ हादसा

यह मामला शाजापुर जिले का है. यहां रहने वाले 24 वर्षीय युवक कन्हैयालाल रविवार रात अपने घर पर भोजन कर रहे थे. खाना खाते समय चिकन की एक नुकीली हड्डी अचानक उनके गले में फंस गई. शुरुआत में उन्हें हल्की परेशानी हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में हालत बिगड़ने लगी.

बोलने और सांस लेने में होने लगी दिक्कत

हड्डी फंसने के बाद कन्हैयालाल न तो ठीक से बोल पा रहे थे और न ही कुछ निगल पा रहे थे. धीरे‑धीरे सांस लेने में भी उन्हें भारी परेशानी होने लगी. युवक की हालत देखकर घरवाले घबरा गए और बिना देर किए उन्हें अस्पताल ले जाने का फैसला किया.

परिजन तुरंत पहुंचे जिला अस्पताल

परिजन कन्हैयालाल को लेकर सीधे शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचे. वहां मौजूद डॉक्टरों ने तुरंत युवक की जांच की. जांच में सामने आया कि गले के अंदर हड्डी खतरनाक स्थिति में फंसी हुई है और देर होने पर जान को खतरा हो सकता है.

Advertisement

डॉक्टर ने लिया तुरंत सर्जरी का फैसला

ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर तेजपाल सिंह जादौन ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना समय गंवाए सर्जरी करने का निर्णय लिया. पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ ऑपरेशन किया गया और गले में फंसी नुकीली हड्डी को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया.

सर्जरी के बाद युवक की हालत में सुधार आया और उसकी जान बच गई. डॉक्टरों के अनुसार यदि थोड़ी भी देर हो जाती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी. फिलहाल कन्हैयालाल डॉक्टरों की निगरानी में है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

Advertisement