Fake Appointment Letter Scam: नौकरी की तलाश में भटक रहे युवाओं की मजबूरी का फायदा उठाकर लाखों की ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है. शहडोल जिले में स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक आरोपी ने न केवल पैसे ऐंठ लिए, बल्कि फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिए. जब पीड़ित नौकरी जॉइन करने पहुंचे, तब सच्चाई सामने आई और पूरे मामले का खुलासा हुआ.
स्वास्थ्य विभाग में नौकरी का झांसा
यह मामला शहडोल जिले का है, जहां स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स पर काम करने वाले एक कर्मचारी ज्ञानेंद्र सिंह ने लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया. उसने खुद को विभाग से जुड़ा हुआ बताकर वार्ड बॉय की नौकरी लगवाने का दावा किया और लोगों का विश्वास जीत लिया.
एक महिला समेत 15 लोग बने शिकार
पीड़ितों के मुताबिक, आरोपी ने एक महिला सहित करीब 15 लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे वसूले. हर व्यक्ति से 35 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक लिए गए. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह भरोसा भारी पड़ जाएगा और वे सभी ठगी का शिकार हो जाएंगे.
फर्जी नियुक्ति पत्र थमाकर हुआ फरार
आरोपी ने पैसे लेने के बाद सभी को नियुक्ति पत्र भी दिए. ये पत्र देखने में बिल्कुल असली जैसे थे, जिन पर CMHO की फर्जी सील और हस्ताक्षर लगे हुए थे. नौकरी की खुशी में जब कुछ युवक इन नियुक्ति पत्रों को लेकर जॉइनिंग के लिए CMHO ऑफिस पहुंचे, तो वहां उन्हें बताया गया कि ये सभी पत्र फर्जी हैं.
सच्चाई सामने आते ही मचा हड़कंप
जैसे ही नियुक्ति पत्र फर्जी होने की बात सामने आई, पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद सभी पीड़ित इकट्ठा होकर पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत की. DSP पुलिस मुख्यालय राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि सालेबहरा निवासी ज्ञानेंद्र सिंह स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स पर काम कर रहा था. उसने स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 6 लाख 85 हजार रुपये की ठगी की. आरोपी ने फर्जी जॉइनिंग लेटर तैयार कर युवाओं को पकड़ाए थे.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और पीड़ितों को भरोसा दिलाया गया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा.