Medical College Doctors: मध्य प्रदेश के सतना में सरिया के साथ खेलना छह वर्षीय बच्चे के लिए आफत बन गया. खेलने के दौरान सरिया बच्चे के अंडकोश (प्राइवेट पार्ट) में घुस गया, जिससे अमन रावत बुरी तरह घायल हो गया. बताया गया है कि टिकरिया गांव निवासी अमन घर के बाहर लोहे की सरिया से खेल रहा था. इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सरिया पर गिर पड़ा. सरिया उसके शरीर के अत्यंत नाजुक हिस्से में घुस गया. इस वजह से बच्चे को तेज दर्द हुआ और वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
परिजनों में मचा कोहराम
घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया. बच्चे को तत्काल मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया.
आधे घंटे तक चला ऑपरेशन
जिला अस्पताल पहुंचते ही मेडिकल कॉलेज की टीम ने बिना समय गंवाए इमरजेंसी में ही उपचार शुरू किया. सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. अनुराग जैन के नेतृत्व में डॉ. आनंद गुप्ता ने तुरंत ऑपरेशन का निर्णय लिया.टीम में डॉ. नीलेश पांडेय और डॉ. सौहार्द जैन भी शामिल रहे. करीब आधे घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद सरिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बच्चे की जान बचा ली गई.
समय पर इलाज से बची जान
डॉक्टरों के अनुसार यदि इलाज में थोड़ी भी देरी होती तो अत्यधिक रक्तस्राव या संक्रमण से स्थिति जानलेवा हो सकती थी. फिलहाल बच्चे को सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.