Satna News: तिघरा रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से तेंदुए की मौत, वन विभाग में हड़कंप

Satna News: तेंदुआ रेलवे ट्रैक पार करते समय किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तेंदुआ का शव कब्जे में लेकर जांच में जुट गई.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Madhya Pradesh News: सतना जिले के उचेहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जबलपुर-सतना रेल मार्ग के तिघरा रेलवे लाइन के पास एक तेंदुए की मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे स्थानीय लोगों द्वारा रेलवे ट्रैक पर एक तेंदुए के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना वन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आया और तत्काल मौके के लिए टीम रवाना की गई.

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी 

उचेहरा रेंजर सचिन नामदेव के नेतृत्व में वन अमले की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. इसके साथ ही सतना वन मंडल से वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और मुकुंदपुर टाइगर सफारी की टीम को भी बुलाया गया, ताकि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा सके.

Advertisement

ट्रेन की चपेट में आया तेंदुआ

प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि तेंदुआ रेलवे ट्रैक पार करते समय किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि वन विभाग द्वारा अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. वन विभाग ने मृत तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.

इस घटना के बाद वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं, खासकर उन इलाकों में जहां जंगलों के बीच से रेलवे लाइन गुजरती है. ज्ञात हो कि इससे पहले भी ट्रेन की ठोकर लगने से वन्य जीवों की मौत हो चुकी है.

ये भी पढ़ें: शिवपुरी में तेज आंधी-तूफान का कहर: छत से गिरी महिला-बच्ची, पोलो ग्राउंड की बाउंड्री गिरने से 3 लोग दबे; 10 से अधिक लोग घायल

Topics mentioned in this article