सतना के डालीबाबा में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव; हालात काबू में करने पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

Satna Dalibaba Encroachment Violence: सतना के डालीबाबा इलाके में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, तीन महिला पुलिसकर्मी घायल. हालात काबू में करने पुलिस ने आंसू गैस और हवाई फायरिंग की. पढ़िए पूरी खबर.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
डालीबाबा इलाके में पथराव के बाद भारी पुलिस बल तैनात

Dalibaba Encroachment Violence Satna: सतना शहर के डालीबाबा इलाके में शनिवार को उस वक्त हालात बेकाबू हो गए, जब प्रशासन अतिक्रमण हटाने मौके पर पहुंचा. अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान अचानक हुए पथराव ने पूरे इलाके को तनावपूर्ण बना दिया. हालात इतने बिगड़े कि पुलिस को अश्रुगैस के गोले दागने पड़े और हवाई फायरिंग करनी पड़ी. इस पूरे घटनाक्रम में तीन महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं, जबकि प्रशासनिक अधिकारी बाल‑बाल बच गए. बवाल के बाद भारी पुलिस बल तैनात कर अवैध कब्जे हटाए गए और कई लोगों को हिरासत में लिया गया.

नगर निगम की कार्रवाई के दौरान भड़का बवाल

यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के डालीबाबा इलाके का है. जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम शनिवार को एक निजी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने पहुंची थी. अतिक्रमण विरोधी दस्ते के साथ पुलिस बल भी मौजूद था. जैसे ही जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई, तभी आसपास के मकानों की आड़ लेकर कुछ अज्ञात लोगों ने प्रशासनिक अमले पर अचानक पथराव शुरू कर दिया.

Advertisement

Dalibaba Encroachment Violence Satna: डालीबाबा अतिक्रमण हिंसा

पथराव में तीन महिला पुलिसकर्मी घायल

पथराव इतना तेज था कि मौके पर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर‑उधर भागने को मजबूर हो गए. इस दौरान तीन महिला पुलिसकर्मी रेखा पवार, सुषमा पांडेय और आरती चतुर्वेदी पत्थरों की चपेट में आकर घायल हो गईं. वहीं एसडीएम राहुल सिलाड़िया और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहे.

हालात काबू में करने बुलानी पड़ी अतिरिक्त फोर्स

स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया. कुछ ही देर में भारी संख्या में पुलिस फोर्स डालीबाबा इलाके में तैनात कर पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया. बावजूद इसके पथराव थम नहीं रहा था, जिसके बाद हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को सख्त कदम उठाने पड़े.

आंसू गैस और हवाई फायरिंग से स्थिति नियंत्रित

पुलिस ने भीड़ को तितर‑बितर करने के लिए अश्रुगैस के गोले दागे और दो राउंड हवाई फायरिंग भी की. इसके बाद धीरे‑धीरे हालात नियंत्रण में आए. पुलिस कार्रवाई के चलते पथराव कर रहे लोग मौके से भागने लगे और इलाके में शांति बहाल की जा सकी.

कई लोग हिरासत में, तलाश जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पथराव में शामिल दो पुरुषों और एक महिला को हिरासत में लिया है. अधिकारियों के मुताबिक अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश जारी है. घटना के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई और अवैध कब्जों को ध्वस्त किया गया.

Advertisement

फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में

घटना के बाद डालीबाबा इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए पुलिस सतर्क है. प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी हो या निजी भूमि, किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

क्या था पूरा मामला?

बताया गया है कि डालीबाबा क्षेत्र में अनीता अरोरा की जमीन पर कुछ लोगों ने वर्ष 2023 में अवैध कब्जा कर लिया था. हाईकोर्ट के आदेश के बाद एक बार जमीन खाली कराई गई थी, लेकिन बाद में दोबारा कब्जा कर निर्माण कर लिया गया. अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी दिए जा चुके थे. इससे पहले यहां डेयरी और कबाड़ की दुकान भी हटाई गई थी, लेकिन कब्जाधारी हटने को तैयार नहीं थे. शनिवार को एसडीएम राहुल सिलाड़िया, सीएसपी डीपी सिंह, तहसीलदार और सिटी कोतवाली व कोलगवां थाने की पुलिस के साथ अतिक्रमण हटाया जा रहा था, तभी अचानक बवाल खड़ा हो गया.

Advertisement

यह भी पढ़ें : मंत्री के क्षेत्र में आंगनबाड़ी बंद; ज़मीनी हकीकत ने खोली पोल, महीने में दो चार दिन ही खुलते हैं केंद्र

यह भी पढ़ें : 'MP की माटी में कुछ तो खास बात है' उन्नत कृषि महोत्सव में बोले राजनाथ; किसानों को लेकर मोहन-शिवराज ने ये कहा

यह भी पढ़ें : स्कूल से लौट रही छात्रा के अपहरण की कोशिश, ग्वालियर में दिनदहाड़े वारदात से दहशत

यह भी पढ़ें : 'बड़ी बेशर्मी के साथ कहा मैं नहीं गाऊंगी,' कांग्रेस पर बरसे CM मोहन, कहा- राष्ट्रीय गीत के अपमान पर मौन क्यों?