Satna Bomb Case: मध्य प्रदेश के सतना जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के तिवनी गांव में एक घर के मुख्य दरवाजे पर बीयर की बोतल में रखा बम बरामद हुआ. बदमाश मकान को दहलाने की नीयत से यह खतरनाक विस्फोटक लगाकर फरार हो गए थे. गनीमत रही कि समय रहते इसकी जानकारी पुलिस को मिल गई और बीडीटीएस (बम डिस्पोजल एंड टेक्निकल स्क्वॉड) की टीम ने पहुंचकर बम को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया. यदि यह विस्फोट हो जाता, तो बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता था. घटना के बाद गांव से लेकर पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है.
घर के गेट पर रखा गया था बम
यह सनसनीखेज मामला तिवनी गांव के देवी टोला का है. यहां गोलू कोरी पिता छोटेलाल कोरी के घर के मुख्य दरवाजे पर बीयर की एक बोतल में नॉन इलेक्ट्रिक कमर्शियल बम रखा मिला. गोलू पेशे से वेल्डिंग मैकेनिक हैं. स्थानीय लोगों द्वारा जब संदिग्ध बोतल देखी गई तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. अनुमान है कि बदमाशों ने देर रात इस वारदात को अंजाम दिया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बीडीटीएस टीम
बम मिलने की खबर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंचते ही बीडीटीएस की तीन सदस्यीय टीम पुलिस बल के साथ मौके पर रवाना की गई. रामपुर बाघेलान थाने से पहुंची टीम ने पूरे इलाके को सुरक्षित कर बम को डिफ्यूज करने की प्रक्रिया शुरू की.
600 वर्ग फीट क्षेत्र उड़ाने की क्षमता
बीडीटीएस टीम लीडर प्रमोद तिवारी ने बताया कि स्कैनिंग में पता चला कि बम कांच की बोतल में मैकेनिज्म, जिलेटिन, कोडेक्स और डिटोनेटर लगाकर तैयार किया गया था. यदि इसके सेफ्टी फ्यूज में आग लग जाती, तो यह बम लगभग 600 वर्ग फीट तक के क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा सकता था. बम में इस्तेमाल की गई सामग्री सामान्यतः खनन कार्यों में विस्फोटक के रूप में प्रयुक्त होती है.
बम को किया डिफ्यूज, सामग्री जब्त
टीम ने पूरी सावधानी के साथ बम को निष्क्रिय किया और उसके सभी हिस्सों को अलग‑अलग कर जब्त कर लिया. इस कार्रवाई में टीम के सदस्य कांस्टेबल लक्ष्मी नारायण तिवारी और भूपेंद्र पटेल भी शामिल रहे.
जांच में जुटी पुलिस
रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि यह बम किसने और किस मंशा से रखा, इसकी गहराई से जांच की जा रही है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. घटना के बाद गांव में दहशत है, लेकिन पुलिस ने लोगों को सजग रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है.
यह भी पढ़ें : दहेज के लिए टूटी शादी: टीकमगढ़ में बुलेट नहीं मिली तो दूल्हा बारात लेकर भागा, दुल्हन की नहीं सुनी गई गुहार
यह भी पढ़ें : हनीमून मर्डर केस: सोनम को 'बेल' या 'जेल'; आज मेघालय हाईकोर्ट में राजा रघुवंशी हत्याकांड पर अहम सुनवाई
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहना योजना की 36वीं किस्त 13 मई को; गोटेगांव से CM मोहन ट्रांसफर करेंगे ₹1500-1500
यह भी पढ़ें : Cabinet Decisions: 29 हजार 540 करोड़ रुपये मंजूर; मोहन कैबिनेट में इन अहम फैसलों को मिली स्वीकृति