Sagar Wheat Fire: सागर जिले के जैसीनगर क्षेत्र में रविवार दोपहर खेतों में भीषण आग लगने से चार किसानों की करीब 10 एकड़ गेहूं और चना की फसल जलकर खाक हो गई. आग की चपेट में सिंचाई के पाइप भी आ गए. आग बुझाने की कोशिश में कुछ किसानों के हाथ-पैरों में फफोले पड़ गए. जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे जैसीनगर कृषि उपज मंडी के पास खेतों में अचानक आग लग गई.
गेहूं और चना की फसल जलकर नष्ट
बताया जा रहा है कि महेंद्र सिंह ठाकुर के खेत में, जिसे बबलू सौर ने बटाई पर लिया हुआ है, सबसे पहले आग लगी. तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलते हुए गब्बर पटेल, पूरन पटेल और मनोज पटेल के खेतों तक पहुंच गई. देखते ही देखते करीब 10 एकड़ में खड़ी और कटी हुई गेहूं और चना की फसल जलकर नष्ट हो गई, साथ ही खेतों में रखे सिंचाई पाइप भी जल गए.
दो घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियां
घटना के बाद ग्रामीणों ने रामजी चौरसिया के निजी टैंकर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया. सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और बिलहरा व सुरखी से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया. फायर ब्रिगेड की गाड़ियां करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका.
लंबे समय से फायर ब्रिगेड की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसीनगर क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण आगजनी की घटनाओं में नुकसान बढ़ जाता है. क्षेत्र में लंबे समय से फायर ब्रिगेड की मांग की जा रही है.
स्थानीय पटवारी संदीप ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद संबंधित किसानों के नुकसान का सर्वे किया जाएगा और रिपोर्ट तहसीलदार को भेजी जाएगी. किसानों को आरबीसी 6(4) के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी.
धार में गेहूं की खड़ी फसल में लगी आग
इधर, मध्य प्रदेश के धार जिले के राजोद क्षेत्र में एक किसान की गेहूं की खड़ी फसल में अचानक आग गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो गया.जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के किसान धुलचंद-दल्ला जी मारू बाकरेचा के खेत में रावली बीड़ क्षेत्र में लगभग 20 से 25 बीघा गेहूं की खड़ी फसल थी.अचानक खेत में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. कुछ ही देर में पूरी खड़ी फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसान को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के किसान बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए. किसानों ने ट्रैक्टर और अन्य साधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की. वहीं फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया.
विधायक प्रताप ग्रेवाल मौके पर पहुंचे
इस घटना के बाद क्षेत्र के विधायक प्रताप ग्रेवाल भी मौके पर पहुंचे और खेतों का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि इस घटना की जानकारी कृषि विभाग और कृषि बीमा कंपनी के अधिकारियों को दी जाएगी, ताकि प्रभावित किसान को शासन की ओर से उचित सहायता मिल सके. विधायक ने आश्वासन दिया कि प्रशासन और शासन स्तर पर जो भी संभव मदद होगी, वह किसानों को दिलाने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में आग जैसी घटनाओं से निपटने के लिए एक फायर ब्रिगेड वाहन की स्थाई व्यवस्था होना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में तुरंत राहत कार्य किया जा सके.
घटना की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग, पुलिस थाना राजोद और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
फिलहाल किसान अपनी फसल के नुकसान से काफी चिंतित हैं और शासन से राहत की उम्मीद कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: रायपुर में तीन दिन मांस-मटन की बिक्री पर रोक: आदेश जारी, जान लीजिए डेट, होटल-ढाबा-रेस्टोरेंट को भी चेतावनी