जहरीली शराब कांड: किराना दुकान पर खुलेआम बिक रही थी शराब, ग्रामीण बोले- शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब कांड को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है. ग्रामीणों का आरोप है कि किराना दुकान से लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही थी और कई शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई. कथित CCTV फुटेज में शराब की पेटियां उतारते हुए वाहन दिखाई देने का दावा किया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब कांड को लेकर हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं. अब मामले में एक नया दावा सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की एक किराना दुकान से लंबे समय से खुलेआम शराब बेची जा रही थी. इतना ही नहीं, इसकी शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अब सामने आए कथित CCTV फुटेज और ग्रामीणों के आरोपों ने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है. इस बीच जहरीली शराब कांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है, जबकि 120 से अधिक लोगों का इलाज जारी है.

किराना दुकान से शराब बिक्री का दावा

बंडा क्षेत्र के बरायठा के अदावन गांव से सामने आए कथित फुटेज में एक किराना दुकान पर शराब की बिक्री होने का दावा किया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यहां लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी और गांव के लोग इस बारे में लगातार शिकायत करते रहे थे.

Advertisement

CCTV फुटेज में दिखीं शराब की पेटियां

ग्रामीणों का दावा है कि CCTV कैमरों में वाहनों से शराब की पेटियां उतारते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि एक बोलेरो वाहन के जरिए दुकान तक शराब की खेप पहुंचाई जाती थी. हालांकि इन दावों की जांच अभी संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है.

गांव के कुछ लोगों का आरोप है कि जब उन्होंने अवैध शराब बिक्री की शिकायत की तो उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें परेशान किया. एक ग्रामीण ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद उसे झूठे एससी-एसटी प्रकरण में फंसाया गया. साथ ही CCTV कैमरे तोड़े जाने का भी आरोप लगाया गया है.

कार्रवाई नहीं होने पर उठ रहे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि अगर शुरुआती शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई की जाती तो शायद इतना बड़ा हादसा नहीं होता. लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के आरोपों ने प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जहरीली शराब कांड में बढ़ा मौतों का आंकड़ा

बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं 120 से अधिक लोगों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है.

Advertisement

मामले की जांच कर रही पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. अब तक गिरफ्तार किए गए 14 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा चुका है. पुलिस का कहना है कि हर आरोपी की भूमिका की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

16 आरोपी अब भी फरार

पुलिस के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अब तक कुल 30 आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं. इनमें से 14 की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 16 आरोपी अभी भी फरार हैं. उनकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

Advertisement