World's Smallest Wild Cat: मध्य प्रदेश के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व से वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी और अहम खबर सामने आई है, जहां पहली बार दुनिया की सबसे छोटी जंगली बिल्ली प्रजाति देखी गई है. रस्टी-स्पॉटेड कैट (Rusty-spotted Cat) नामक जंगली छोटी बिल्ली की टाइगर रिजर्व में मौजूदगी का फोटोग्राफिक प्रमाण मिला है, जो रिजर्व की जैव विविधता के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें-VIDEO: मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम टीकमगढ़ जिले में पोहा बेचती नजर आईं, वायरल हो रहा वीडियो
IUCN की रेड लिस्ट श्रेणी में रखी गई है दुनिया की सबसे छोटी बिल्ली रस्टी-स्पॉटेड कैट
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार दुनिया की सबसे छोटी बिल्ली के रूप में शुमार रस्टी-स्पॉटेड कैट को IUCN की रेड लिस्ट में “नियर थ्रेटेंड” यानी संकट के करीब श्रेणी में रखा गया है और भारत में इसे वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 के तहत सर्वोच्च संरक्षण प्राप्त है. आमतौर पर सूखे पर्णपाती जंगलों, झाड़ियों, घास के मैदानों और पथरीले इलाकों में पाई जाने वाली बिल्ली को कई बार यह मानव बस्तियों में भी देखी जाती है.
वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में पहली बार दर्ज की गई रस्टी-स्पॉटेड कैट की मौजूदगी
गौरतलब है करीब 2,339 वर्ग किमी क्षेत्र में फैला वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व मध्य प्रदेश का सातवां टाइगर रिजर्व है, जो अपनी समृद्ध जैव विविधता के लिए मशहूर है, जहां बाघ, भालू, भेड़िये और गिद्ध जैसे कई महत्वपूर्ण वन्यजीव पाए जाते हैं. यहां पहली बार रस्टी-स्पॉटेड कैट की मौजूदगी दर्ज हुई है. हालांकि वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में यह पहला पुष्ट रिकॉर्ड है, जहां यह देखी गई है.
एक साथ कर सकेंगे दुनिया की सबसे बड़ी, तेज और छोटी बिल्ली का नजारा
उल्लेखनीय है नौरादेही क्षेत्र में चीता पुनर्स्थापना के बाद यह क्षेत्र ऐसा अनूठा स्थान बन सकता है, जहां एक साथ दुनिया की सबसे बड़ी बिल्ली बाघ, सबसे तेज बिल्ली चीता और सबसे छोटी बिल्ली रस्टी-स्पॉटेड कैट देखने को मिल सकती है. यह उपलब्धि न केवल वन विभाग के प्रयासों को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि यह टाइगर रिजर्व दुर्लभ और कम-ज्ञात प्रजातियों के संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण आश्रय स्थल बनता जा रहा है.
ये भी पढ़ें-VIDEO: घर के बाहर खड़ी बाइक लेकर टहलते हुए निकल गया चोर, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ नजारा