Rewa News: धर्म परिवर्तन से इनकार पर वायरल करवा द‍िए 'गंदे फोटो', पहले भी जा चुका है जेल

Rewa News में एक महिला ने धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और फोटो वायरल करने का आरोप लगाया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

जावेद अंसारी: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से धर्म परिवर्तन से जुड़े एक गंभीर मामले का खुलासा हुआ है. जावा थाना क्षेत्र में रहने वाले अनीस मोहम्मद खान पर एक महिला को धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और इनकार करने पर उसकी आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है.

जानकारी के अनुसार, आरोपी अनीस मोहम्मद खान पीड़ित महिला को वर्ष 2022 से जानता था. दोनों आसपास के गांवों के रहने वाले हैं. बताया जा रहा है कि एक बार महिला की तबीयत खराब होने पर आरोपी झाड़-फूंक के बहाने उसके घर पहुंचा और इसी दौरान उसने महिला को नशीली गोलियां खिलाकर उसकी आपत्तिजनक फोटो खींच ली.

Advertisement

इसके बाद आरोपी लगातार फोटो वायरल करने की धमकी देकर महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता रहा. जब महिला ने इस बात से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी.

महिला की शिकायत पर कार्रवाई

फोटो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ पुलिस के पास पहुंची. पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की. आरोपी अपने गांव में ही मिला, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अनीस मोहम्मद पहले भी दुष्कर्म के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है और मई 2025 में जमानत पर बाहर आया था.

इन धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जान से मारने की धमकी, ब्लैकमेलिंग, आईटी एक्ट और मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3/5 के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. रीवा जिले की एडिशनल एसपी आरती सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Topics mentioned in this article