MP News: रतलाम में बदमाशों का आतंक, तलवार-लाठियों से घर पर हमला, तीन लोग घायल; CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Ratlam News: रतलाम में मामूली बात को लेकर बदमाशों ने जमकर उत्पात मचा दिया. 8 से 10 युवकों ने तलवार, बेसबॉल बैट और लाठियों से एक घर पर हमला कर दिया. इस हमले में तीन लोग घायल हो गए. वहीं इस हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन हुआ है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Madhya Pradesh News: रतलाम शहर के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के राम रहीम नगर में होली की रात मामूली बात को लेकर बदमाशों ने जमकर उत्पात मचा दिया. घर के बाहर एक्टिवा खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि 8 से 10 युवकों ने तलवार, बेसबॉल बैट और लाठियों से एक घर पर हमला कर दिया. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. हमले में दो पुरुष और एक महिला घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को पकड़कर उनके पास से तलवार भी जब्त की.

बदमाशों ने जमकर मचाया उत्पात

घायल दिलीप वसुनिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपने घर पर परिवार के साथ था. उसकी एक्टिवा घर के सामने सड़क पर खड़ी थी. इसी दौरान ईश्वर नगर निवासी अजय नायक और सुनील नायक बाइक से वहां पहुंचे और एक्टिवा सड़क पर खड़ी करने को लेकर गाली-गलौज करने लगे.

दिलीप के अनुसार, उसने एक्टिवा हटाने की बात कही, लेकिन इसी दौरान विवाद बढ़ गया. अजय नायक के हाथ में तलवार थी और उसने तलवार के पिछले हिस्से से दिलीप के दाहिने हाथ पर हमला कर दिया.

तलवार, बेसबॉल बैट और लाठियों से किया हमला

शोर सुनकर दिलीप की मां लीलाबाई, भाई प्रेम और बहन कांता बीच-बचाव करने पहुंचे. इसके बाद अजय और सुनील ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया. कुछ ही देर में अन्य युवक तलवार, बेसबॉल बैट और लाठियां लेकर मौके पर पहुंच गए और घर पर हमला कर दिया.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक कुंदन ने तलवार से प्रेम के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं एक आरोपी ने कांता बाई पर भी तलवार से हमला किया. अन्य आरोपियों ने बेसबॉल बैट और लाठियों से परिवार के अन्य लोगों के साथ मारपीट की.

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक तलवार और लाठियां लेकर घर के बाहर और मोहल्ले में घूमते नजर आ रहे हैं. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया. पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी जाते-जाते भी जान से मारने की धमकी देकर गए.पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: Railway Block News: नागपुर मंडल में 6-7 मार्च को ट्रैफिक ब्लॉक, कई MEMU ट्रेनें रद्द, यात्रियों को हो सकती है परेशानी  

Topics mentioned in this article