BJP विधायक प्रीतम लोधी के बयान से आलाकमान नाराज; CM से बात करेगी IPS एसोसिएशन

Pritam Lodhi Statement Controversy: बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के बयान पर हाईकमान नाराज, तत्काल बयानबाजी बंद करने के निर्देश, सीएम और प्रदेश अध्यक्ष में चर्चा. पढ़िए पूरी खबर.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
प्रीतम लोधी के बयान पर बीजेपी हाईकमान की नाराजगी

Pritam Lodhi Controversy: मध्य प्रदेश की सियासत में बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के बयान को लेकर घमासान तेज हो गया है. पुलिस अधिकारी को धमकी दिए जाने वाले बयान ने न केवल विपक्ष को हमलावर होने का मौका दिया, बल्कि अब खुद बीजेपी आलाकमान भी इस बयानबाजी से नाराज नजर आ रहा है. पार्टी स्तर पर इसे अनुशासनहीनता का मामला मानते हुए पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है. साथ ही विधायक को तत्काल सार्वजनिक बयानबाजी से रोकने के निर्देश दिए गए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री और प्रदेश नेतृत्व के बीच लगातार चर्चा चल रही है.

पुलिस अधिकारी को धमकी वाला बयान बना विवाद की जड़

शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी द्वारा दिए गए बयान ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है. एक सार्वजनिक रूप से लोधी द्वारा पुलिस अधिकारी को लेकर की गई टिप्पणी को धमकी के रूप में लिया गया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ता चला गया. विपक्ष ने इसे सत्ता के दुरुपयोग और प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश करार दिया, वहीं सोशल मीडिया पर भी बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं.

Advertisement

गौरतलब है कि शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे के करैरा में हुए थार कांड के बाद उनके बचाव में उतरे विधायक प्रीतम लोधी ने करैरा एसडीओपी को धमकी देते हुए कहा था कि करेरा उनके डैडी की नहीं है. उन्होंने यहां तक ऐलान कर दिया था कि वह 15 दिन के अल्टीमेटम के बाद एसडीओपी के बंगले को गोबर से भर देंगे. इस बात से नाराज शिवपुरी जिले की सहरिया क्रांति (आदिवासी) के सदस्यों ने ऐलान करते हुए कहा कि गोबर भरना तो दूर की बात है, अगर एसडीओ की तरफ आंख उठाकर भी किसी बाहुबली ने देखा, तो नतीजा अच्छा नहीं होगा.

बीजेपी आलाकमान ने जताई नाराजगी

विवाद बढ़ने के बाद बीजेपी आलाकमान ने विधायक प्रीतम लोधी के बयान पर कड़ी नाराजगी जताई है. पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश संगठन से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी है. पार्टी का स्पष्ट मत है कि विधायक की अनावश्यक बयानबाजी के चलते मामला बढ़ा और इससे सरकार व संगठन दोनों की छवि को नुकसान पहुंचा है. इसी के चलते आलाकमान ने निर्देश दिए हैं कि फिलहाल इस मुद्दे पर किसी भी तरह की सार्वजनिक टिप्पणी न की जाए.

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से हुई चर्चा

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी इस पूरे घटनाक्रम से नाराज बताए जा रहे हैं. उन्होंने विधायक प्रीतम लोधी को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. पार्टी सूत्रों के अनुसार खंडेलवाल ने हालात संभालने के लिए मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल से चर्चा की है, ताकि विधायक को समझाइश दी जा सके और विवाद को और बढ़ने से रोका जा सके. विवाद की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच भी प्रीतम लोधी प्रकरण पर चर्चा हुई है. माना जा रहा है कि सरकार और संगठन दोनों स्तर पर इस मामले को जल्द शांत करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रशासनिक और राजनीतिक संतुलन बना रहे.

IPS एसोसिएशन भी सक्रिय, सीएम से मुलाकात तय

विधायक के बयान से प्रशासनिक हलकों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है. इसी कड़ी में आईपीएस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात का समय मांगा है. जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री दोपहर करीब डेढ़ बजे आईपीएस एसोसिएशन के सदस्यों से मुलाकात करेंगे, जहां विधायक प्रीतम लोधी के बयान समेत पूरे मामले पर चर्चा होने की संभावना है.

Advertisement

आगे क्या?

बीजेपी में अनुशासन को लेकर यह मामला एक बड़ी परीक्षा माना जा रहा है. पार्टी नेतृत्व साफ संकेत दे चुका है कि संगठनात्मक मर्यादा से बाहर जाने वाले बयानों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आलाकमान इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है और विधायक प्रीतम लोधी को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है.

यह भी पढ़ें : मैं पुलिस अफसर का घर गोबर से भर दूंगा- थार से 5 लोगों को कुचलने वाले युवक के MLA पिता प्रीतम लोधी बोले

Advertisement

यह भी पढ़ें : चंदन तस्करी का भंडाफोड़; यूपी के कन्नौज से अंतर्राज्यीय गिरोह का सरगना गिरफ्तार, सतना पुलिस का एक्शन

यह भी पढ़ें : 11 साल के मासूम की हत्या के पीछे एकतरफा प्यार का शक; सतना के नीले ड्रम जैसी घटना में बहन के बयान से बड़ा खुलासा

यह भी पढ़ें : 20-25 दिन तक सड़ता रहा वनराज का शव; पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघ का कंकाल मिलने से हड़कंप, टाइगर स्टेट पर सवाल