विज्ञापन

भोजशाला–कमाल मौला मस्जिद में प्रवीण तोगड़िया का दौरा, बोले- यहां मूर्ति के साथ रोज पूजा हो 

धार के ऐतिहासिक भोजशाला–कमाल मौला मस्जिद परिसर में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया का दौरा एक बार फिर चर्चा में है. उन्होंने भोजशाला को सरस्वती मंदिर बताते हुए यहां मूर्ति के साथ नियमित पूजा की मांग की.

भोजशाला–कमाल मौला मस्जिद में प्रवीण तोगड़िया का दौरा, बोले- यहां मूर्ति के साथ रोज पूजा हो 

Pravin Togadia Bhojshala Visit: धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला–कमाल मौला मस्जिद परिसर एक बार फिर चर्चा में है. अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने यहां पहुंचकर मां वाग्देवी के दर्शन किए और परिसर का निरीक्षण किया. अपने दौरे के दौरान उन्होंने यहां नियमित पूजा की मांग रखी और कहा कि यह स्थल सरस्वती मंदिर के रूप में जाना जाता रहा है. उनके दौरे को लेकर इलाके में हलचल रही और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई.

भोजशाला–कमाल मौला परिसर का दौरा

डॉ. प्रवीण तोगड़िया आज धार के भोजशाला–कमाल मौला मस्जिद परिसर पहुंचे. यहां उन्होंने मां वाग्देवी के दर्शन किए और परिसर में मौजूद विभिन्न धार्मिक प्रतीकों को देखा. इस दौरान उन्होंने मौके से लाइव प्रसारण भी किया, जिसमें उन्होंने अपने विचार साझा किए.

भोजशाला को बताया सरस्वती मंदिर

दौरे के बाद अखंड ज्योति मंदिर परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. तोगड़िया ने भोजशाला को सरस्वती मंदिर बताया. उन्होंने कहा कि वह करीब 23 साल पहले भी यहां आए थे और उस समय भोजशाला का ताला खुलवाने और आंदोलन की शुरुआत में उनकी भूमिका रही थी.

मीडिया से बातचीत में डॉ. तोगड़िया ने दावा किया कि परिसर में शिवलिंग, कार्तिकेय स्वामी की मूर्ति, शंकर जी से जुड़े प्रतीक, कालसर्प यंत्र और अन्य चिन्ह मौजूद हैं. उनके अनुसार, ये सभी चिन्ह इस स्थान को मंदिर के रूप में दर्शाते हैं. उन्होंने कहा कि यहां मूर्ति के साथ नियमित रूप से पूजा होनी चाहिए.

पूजा और नमाज की व्यवस्था पर बयान

डॉ. तोगड़िया ने पूजा और नमाज से जुड़े मुद्दे पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि जहां मंदिर और मूर्ति मौजूद होती है, वहां इस तरह के विवाद सामने आते रहते हैं. उनका कहना था कि इस विषय पर अंतिम निर्णय संबंधित संस्थाएं और न्यायिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, लेकिन उनकी मांग है कि यहां निर्बाध पूजा की व्यवस्था हो.

शांतिपूर्ण तरीके से बात रखने की अपील

उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़ी आस्थाओं और परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए. साथ ही, उन्होंने अपने समर्थकों से अपील की कि वे अपनी बात शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से रखें. डॉ. तोगड़िया के दौरे के दौरान उनके साथ संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी. पूरे क्षेत्र में इस दौरे को लेकर दिन भर चर्चा का माहौल बना रहा.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close