Pradhan Mantri Kaushal Vikas Yojana: प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से मध्यप्रदेश ने एक नई उपलब्धि हासिल की है. देशभर में सर्वाधिक नामांकन दर्ज कर राज्य ने कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि को राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को न केवल प्रशिक्षण दिया जा रहा है, बल्कि उन्हें रोजगार और स्व-रोजगार से जोड़ने की ठोस व्यवस्था भी की जा रही है. आने वाले समय में प्रदेश को “स्किल स्टेट” के रूप में स्थापित करने की दिशा में और तेज़ कदम उठाए जाएंगे.
योजना से अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित किया जाए: CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना से अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित किया जाए और ऐसे नए, उपयोगी एवं रोजगारपरक कोर्स डिजाइन किए जाएं, जिनसे प्रशिक्षण के तुरंत बाद युवाओं को रोजगार मिल सके.
Pradhan Mantri Kaushal Vikas Yojana: प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना में एमपी टॉपर
आईटीआई ग्रेडिंग में भी मध्यप्रदेश का उत्कृष्ट प्रदर्शन
बैठक में जानकारी दी गई कि भारत सरकार द्वारा जारी राष्ट्रीय आईटीआई ग्रेडिंग में मध्यप्रदेश देश में पाँचवें स्थान पर रहा है. प्रदेश की 47 शासकीय आईटीआई को 10 में से 9 प्लस ग्रेडिंग स्कोर प्राप्त हुआ है, जो प्रशिक्षण की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं में हुए सुधार को दर्शाता है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस उपलब्धि के लिए विभागीय अधिकारियों एवं प्रशिक्षण संस्थानों को बधाई देते हुए कहा कि यह रैंकिंग राज्य के लिए गौरव का विषय है.
कौशल विकास पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “स्किल कैपिटल ऑफ इंडिया” के विजन को साकार करने की दिशा में मध्यप्रदेश सक्रिय भूमिका निभा रहा है. देश में युवाओं की बड़ी आबादी को देखते हुए उन्हें रोजगार से जोड़ना समय की आवश्यकता है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और डेयरी विकास कार्यक्रमों से युवाओं को जोड़ने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि कौशल विकास एवं रोजगार विभाग को अन्य विभागों से समन्वय कर नए अवसर सृजित करने होंगे.
सीखो-कमाओ योजना और कृषि वर्ष 2026 पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीखो–कमाओ योजना के अंतर्गत लगभग 20 हजार युवाओं के प्रशिक्षण की उपलब्धि को दोगुना करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही कृषि वर्ष 2026 में विभिन्न कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों से युवाओं को जोड़कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ठोस रणनीति बनाने पर बल दिया.
कौशल विकास में रिकॉर्ड उपलब्धियां
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत देश में सर्वाधिक 11 हजार 400 प्रशिक्षणार्थियों का नामांकन केवल मध्यप्रदेश में हुआ है. वहीं, युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 2 लाख 68 हजार से अधिक आवेदकों को लाभान्वित किया गया. इसके अतिरिक्त, एक लाख 32 हजार युवाओं को स्व-रोजगार से जोड़ा गया है.
स्किल पार्क, उद्योग साझेदारी और आईटीआई विस्तार
संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क, भोपाल द्वारा इस वर्ष 3 हजार से अधिक प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 1500 लांग टर्म एवं 1500 शॉर्ट टर्म प्रशिक्षण शामिल हैं. प्रदेश में रिलायंस, ट्राइडेंट और जिंदल समूह जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ मिलकर युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है. वर्तमान में प्रदेश में 290 शासकीय और 644 निजी आईटीआई संचालित हैं. शासकीय आईटीआई में 3484 सीटों की वृद्धि कर कुल सीटें 52 हजार 248 कर दी गई हैं, जबकि निजी आईटीआई में 61 हजार 32 सीटें उपलब्ध हैं.
पीएम सेतु और इंडिया स्किल्स में प्रदेश की पहचान
परम फाउंडेशन के सहयोग से धार जिले के सरदारपुर आईटीआई में मैन्युफैक्चरिंग टेक्नीशियन कोर्स संचालित किया जा रहा है. पीएम सेतु योजना के अंतर्गत प्रदेश में 20 हब और 81 स्पोक आईटीआई का उन्नयन किया गया है. वहीं, इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2025-26 में भी मध्यप्रदेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देशभर में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है.
यह भी पढ़ें : AI से बदलेगी शिक्षा की तस्वीर: छत्तीसगढ़ में 2 लाख शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण, रायपुर से शुरू होगा बड़ा अभियान
यह भी पढ़ें : खाद की कीमतें नहीं बढ़ेंगी; कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले- ‘फॉर्मर आईडी' से रोकी जाएगी कालाबाजारी
यह भी पढ़ें : MP Weather Update: मध्यप्रदेश में मौसम शुष्क, अगले 5 दिन में 3‑5 डिग्री बढ़ेगा तापमान
यह भी पढ़ें : MP में ‘नारी शक्ति वंदन' पखवाड़ा शुरू; 10 से 25 अप्रैल तक होंगे ये कार्यक्रम, अंबेडकर जयंती पर विशेष ग्राम सभा