Bhopal Petrol Diesel: खाड़ी देशों में संकट और ईरान-अमेरिका की जंग से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर अब भारत में दिखना शुरू हो गया है. 15 मई यानी शुक्रवार की सुबह-सुबह ही जेब असर डालने वाली खबर सामने आई है. दरअसल, देशभर में पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है. कीमतों की बात करें तो पेट्रोल पर 3.14 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 3.11 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. ईंधन के दामों का असर देश के साथ मध्य प्रदेश के लोगों की भी जेब पर पड़ेगा.
इंदौर में पेट्रोल-डीजल की कीमतें
एमपी के भोपाल और इंदौर में भी अब पेट्रोल और डीजल तीन रुपये महंगा बिकेगा. बता दें कि इंदौर में पेट्रोल की पुरानी कीमत करीब ₹106.58 प्रति लीटर थी, जो अब बढ़कर ₹109.58 प्रति लीटर पहुंच गई है. वहीं, डीजल की कीमत पहले करीब ₹91.97 प्रति लीटर थी, जो अब ₹94.97 प्रति लीटर हो गई है.
भोपाल में क्या हैं नई कीमतें
वहीं, भोपाल में पहले पेट्रोल 106.68 रुपये प्रति लीटर मिलता था, अब नई कीमतों के बात भोपाल में पेट्रोल 109.82 रुपये प्रति लीटर हो गया है. वहीं, डीजल की कीमत 91.87 रुपये प्रति लीटर थी, जो अब 94.98 रुपये हो गई है.
नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं. पेट्रोल-डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा की चीजों पर असर पड़ सकता है.