Parking in Ujjain: देशभर में 15 फरवरी को महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाई जाएगी. शिवरात्रि को लेकर शिवालयों में तैयारियां जोरों पर हैं और शिवभक्तों में खासा उत्साह है. मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाशिवरात्रि के अवसर पर महाकाल मंदिर में देशभर से करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इस दौरान करीब डेढ़ लाख वाहनों के शहर में प्रवेश का अनुमान है.
भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए उज्जैन पुलिस ने खास ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. पुलिस गूगल मैप्स पर जाम वाले मार्गों को ब्लॉक के रूप में दर्शाएगी और श्रद्धालुओं को ऐसे वैकल्पिक रूट दिखाए जाएंगे जहां सड़कें खाली हों और पार्किंग उपलब्ध हो.
250 ट्रैफिक जवान तैनात, तकनीक का सहारा
महाकाल नगरी में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए यातायात पुलिस के करीब 250 जवान तैनात किए जाएंगे. उज्जैन ट्रैफिक पुलिस आईटी टीम के साथ मिलकर रियल टाइम ट्रैफिक मॉनिटरिंग करेगी.
गूगल पर केवल वही रूट दिखाई देंगे जहां ट्रैफिक सामान्य रहेगा और पार्किंग स्थल खाली होंगे. इससे श्रद्धालुओं को जाम से राहत मिलेगी. बता दें कि ऐसी तकनीकी व्यवस्था 1 जनवरी को भी लागू की गई थी.
2 हजार पुलिसकर्मी, 150 महिला जवान और ड्रोन से निगरानी
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक, महाशिवरात्रि पर सुरक्षा के लिए करीब 2 हजार पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात रहेंगे. महिलाओं की सुरक्षा के लिए 150 महिला पुलिसकर्मी अलग से तैनात होंगी.
यह फोर्स 14 फरवरी की रात से 16 फरवरी तक तैनात रहेगी. श्रद्धालु रास्ता न भटकें, इसके लिए प्रमुख मार्गों पर दिशा संकेतक लगाए जा रहे हैं. शहर में 200 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और ड्रोन से भी भीड़ पर नजर रखी जाएगी.
Parking in Ujjain on Mahashivratri 2026
गूगल पर ऐसे दिखेगा रियल टाइम अपडेट
सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया कि बड़ी संख्या में वाहन आने की संभावना को देखते हुए आईटी सेल और ट्रैफिक पुलिस मिलकर गूगल पर महाकाल पहुंचने के जामग्रस्त मार्गों को नहीं दिखाएगी. श्रद्धालुओं को केवल खाली और सुगम रूट ही दिखाई देंगे. साथ ही गूगल पर उपलब्ध पार्किंग की स्थिति भी रियल टाइम अपडेट होती रहेगी.
श्रद्धालुओं के लिए तय किया गया दर्शन मार्ग
महाशिवरात्रि पर सामान्य दर्शनार्थी कर्कराज पार्किंग से कतार में लगकर चार धाम मंदिर होते हुए त्रिवेणी संग्रहालय पहुंचेंगे. वहां से महाकाल लोक के रास्ते मानसरोवर द्वार तक पहुंचेंगे. मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालु महाकाल टनल से होते हुए बड़े गणेश मंदिर के सामने बाहर निकलेंगे. प्रशासन के अनुसार, दर्शन में करीब 40 मिनट का समय लग सकता है. पूरे मार्ग पर टेंट से छांव, पेयजल और टॉयलेट की व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
उज्जैन में महाशिवरात्रि पर्व का ट्रैफिक प्लान
- बड़नगर से आने वाले वाहन मोहनपुरा ब्रिज के नीचे (मुल्लापुरा) स्थित मुरलीपुरा कृषि उपार्जन केंद्र के मैदान (P-10) में पार्क होंगे.
- नागदा की ओर से आने वाले वाहन साडू माता की बावड़ी, कुत्ता बावड़ी टर्निंग से रातड़िया रोड होते हुए राठौर क्षत्रीय तेली समाज मैदान (P-9) में पार्क होंगे.
- आगर से आने वाले वाहनों को मकोडिया आम चौराहा से खाक चौक, जाट धर्मशाला, जूना सोमवारिया होते हुए कार्तिक मेला ग्राउंड (P-8) में पार्क कराया जाएगा.
- आगर से आने वाली बसों एवं बड़े वाहनों को चौपाल सागर, उन्हेल नाका, साडू माता की बावड़ी, कुत्ता बावड़ी होते हुए राठौर क्षत्रीय तेली समाज मैदान (P-9) में पार्क कराया जाएगा.
- मक्सी से आने वाले वाहनों को पांड्याखेड़ी, पाईप फैक्ट्री होते हुए मन्नत गार्डन एवं इंपीरियल होटल के पीछे स्थित पार्किंग (P-3) में पार्क कराया जाएगा. यहां से दर्शनार्थी बसों द्वारा कर्कराज पार्किंग तक पहुंचेंगे, फिर दर्शन के लिए पैदल जा सकेंगे.
- देवास एवं भोपाल की ओर से आने वाले वाहनों को मारुति शोरूम, पाईप फैक्ट्री होते हुए मन्नत गार्डन एवं इंपीरियल होटल के पीछे स्थित पार्किंग (P-3) में पार्क कराया जाएगा. वहां से दर्शनार्थी बसों द्वारा कर्कराज पार्किंग तक पहुंचकर आगे पैदल दर्शन हेतु जाएंगे.
- इंदौर की ओर से आने वाले वाहनों को इंजीनियरिंग कॉलेज, मन्नत गार्डन एवं इंपीरियल होटल के पीछे स्थित पार्किंग (P-3) में पार्क कराया जाएगा. यहां से दर्शनार्थी सवारी बसों द्वारा कर्कराज पार्किंग तक जाएंगे, फिर पैदल दर्शन कर सकेंगे.
- इंदौर से नागदा, आगर एवं मक्सी की ओर जाने वाले भारी वाहनों को तपोभूमि से बड़नगर बायपास होकर डायवर्ट किया जाएगा.
- मक्सी से देवास एवं इंदौर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को श्री सिंथेटिक्स, पांड्याखेड़ी चौराहा, शैफी, मारुति शोरूम होते हुए देवास रोड एवं नरवर बायपास से तपोभूमि मार्ग से इंदौर की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
- नागदा एवं उन्हेल की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मोहनपुरा ब्रिज से धर्मबड़ला होते हुए बदनावर फोर लेन मार्ग से इंदौर, देवास, भोपाल की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
इन मार्गों पर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे
- हरिफाटक टी से महाकाल घाटी चौराहा की ओर वाहनों का प्रवेश 14.02.26 की शाम 4 बजे से पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
- हरिफाटक टी से इंटरप्रिटेशन की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
- जंतर-मंतर से जयसिंहपुरा, चारधाम पार्किंग की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
- शंकराचार्य चौराहा से नृसिंह घाट की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
- शंकराचार्य चौराहा से दानीगेट की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
- भूखी माता रनिंग से नृसिंह घाट की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
- दौलतगंज से लोहा पुल की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
- कंठाल चौराहा से छत्री चौक की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
- तेलीवाड़ा से कमरी मार्ग की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
- दानीगेट से गणगौर दरवाजा, हरसिद्धि पाल की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
- के.डी. गेट से टंकी चौराहा की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
- भार्गव तिराहे से कमरी मार्ग की ओर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
उज्जैन में पार्किंग स्थल
- प्रशांति धाम
- इंजीनियरिंग कॉलेज खेल मैदान
- इंपीरियल गार्डन
- मन्नत गार्डन
- हरिफाटक ओवर ब्रिज के नीचे
- कर्कराज पार्किंग
- गुरुद्वारा प्रस्तावित अस्पताल भूमि
- कार्तिक मेला ग्राउंड
- राठौर छत्री ग्राउंड
- कृषि उपार्जन केंद्र
- इंदौर रोड से आने वाले वाहनों हेतु रिजर्व पार्किंग:
- प्रशांति धाम
- इंजीनियरिंग कॉलेज खेल मैदान
- शनि मंदिर मैदान