मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक आंगनवाड़ी सहायिका का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा. इसके बाद पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. मृतिका की पहचान मनीषा वर्मा (33) के रूप में हुई है, जो अमकुई ग्राम के केंद्र क्रमांक-2 में आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत थी. वह एक किराए के मकान में रहती थी.
तीन साल से लिव-इन में रह रही थी महिला
मनीषा पिछले तीन सालों से बस ड्राइवर मनोज वर्मा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. पहले पति से तलाक के बाद मनीषा को मनोज से प्यार हुआ था. इस रिश्ते की वजह से मायके वालों ने भी उससे मुंह मोड़ लिया था. इसके बाद मनोज और मनीषा ने कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पिछले तीन साल से पन्ना में किराए का कमरा लेकर एक साथ रह रहे थे, लेकिन इस हंसती-खेलती जिंदगी के पीछे का सच बेहद कड़वा था.
बीच सड़क पर मारपीट का सामने आया था वीडियो
करीब एक साल पहले इस जोड़े का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिसमें दोनों कोतवाली के ठीक सामने बीच सड़क पर एक-दूसरे के साथ मारपीट करते नजर आए थे. मनीषा, मनोज पर सरेराह थप्पड़ बरसा रही थी. हालांकि उस वक्त पुलिस ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया था. इसके बाद दोनों के बीच समझौता हो गया था और फिर से दोनों साथ रहने लगे थे.
मनीषा की संदिग्ध मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या यह मामला आत्महत्या का है, या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश? कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतिका के मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाल रही है. साथ ही लिव-इन पार्टनर मनोज से पूछताछ कर रही है. पन्ना कोतवाली टीआई ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: राजगढ़: 99 साल की लीज पर आवंटित की गई थी जमीन, लीज धारक ने करा दिया अवैध निर्माण, अब चला प्रशासन का बुलडोजर