ओंकारेश्वर में चला बुलडोजर: सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज, धड़ाधड़ गिराए मकान, कलेक्टर बोले- जो अड़ंगे सब हटेंगे

ओंकारेश्वर में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ा अभियान चलाया है. ब्रह्मपुरी क्षेत्र में बुलडोजर से अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं. इस दौरान कई मकान गिराए गए हैं. प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विकास कार्य जरूरी हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Simhastha 2028 Preparation: ओंकारेश्वर में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों ने अब जमीन पर असर दिखाना शुरू कर दिया है. विकास कार्यों की राह में आ रहे अवैध कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया है. ब्रह्मपुरी क्षेत्र में कई मकानों को तोड़ते हुए अतिक्रमण हटाया जा रहा है. इस कार्रवाई से जहां एक ओर विकास की तैयारी तेज हुई है, वहीं दूसरी ओर प्रभावित लोगों में हलचल भी देखने को मिल रही है.

अतिक्रमण हटाने के लिए चला अभियान

खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में प्रशासन ने शासकीय जमीन को खाली कराने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है. ब्रह्मपुरी क्षेत्र में कई जगहों पर अवैध कब्जे चिन्हित किए गए थे, जिन्हें अब हटाया जा रहा है. बुलडोजर कार्रवाई के दौरान प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही और पूरे इलाके में सख्ती दिखाई दी.

Advertisement

सिंहस्थ 2028 की तैयारी में तेजी

यह पूरी कार्रवाई आगामी सिंहस्थ मेले को ध्यान में रखकर की जा रही है. प्रशासन चाहता है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और व्यवस्थाएं पहले से ही मजबूत कर ली जाएं. इसी वजह से विकास कार्यों को समय पर पूरा करने की कोशिश की जा रही है.

कई बड़े प्रोजेक्ट्स की तैयारी

जिला प्रशासन सिंहस्थ से पहले कई अहम परियोजनाओं को पूरा करने में जुटा है. सबसे पहले ई-कार्ट पार्किंग के लिए तय जमीन को खाली कराया गया है. इसके अलावा यहां पुलिस हाउसिंग और एक आधुनिक कंट्रोल रूम बनाने की योजना भी है.

लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों का विस्तार किया जाएगा, ताकि मेले के दौरान ट्रैफिक की समस्या कम हो सके. वहीं, मध्य प्रदेश पर्यटन के तहत भी कई प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं, जिससे ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.

श्रद्धालुओं के लिए बनेगा वेटिंग हॉल

सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष वेटिंग हॉल बनाए जाने की योजना है. इन हॉल्स के लिए जो जमीन तय की गई है, वहां से भी अतिक्रमण हटाया जाएगा. प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं.

Advertisement

कलेक्टर का सख्त संदेश

खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने साफ कहा है कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि जितने भी प्रोजेक्ट हैं, उनकी राह में आने वाले सभी अड़ंगे हटाए जाएंगे, ताकि सिंहस्थ के दौरान किसी को परेशानी न हो.