ट्विशा शर्मा के परिजनों ने रविवार को भी शव लेने से इनकार कर दिया है. ट्विशा का भोपाल एम्स (Bhopal AIIMS) की मोर्चरी में 6 दिन से शव रखा हुआ है. प्रशासन को उम्मीद की परिजन आज शव ले लेंगे, लेकिन वह अभी अपनी मांग पर अड़े हैं. वहीं, एम्स प्रबंधन ने पुलिस को भी पत्र लिखा है और परिजनों को शव ले जाने के लिए नोटिस जारने की बात कही है.
वहीं, न्याय की गुहार लगाते हुए ट्विशा का परिवार रविवार दोपहर सीएम हाउस के सामने पहुंच गया और रो-रोकर गुहार लगाई. इस दौरान ट्विशा के माता-पिता की स्थिति बेहद दर्दनाक हो गई, जो बार-बार बेहोश हो रहे थे. मौके पर तैनात पुलिस बल ने सीएम हाउस के अंदर जाने से उन्हें रोक दिया.
इसलिए परिजन नहीं ले रहे शव
ट्विशा के परिजन दोबारा से शव का पोस्टमॉर्टम कराने की मांग कर रहे हैं, जो कोर्ट से मंजूरी के बाद हो पाएगा. ट्विशा के पति की जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई होनी है. वहीं, ट्विशा के माता-पिता (नवनिधि शर्मा और रेखा सिंह) का साफ कहना है कि जब तक उनकी बेटी के हत्यारों को सजा नहीं मिल जाती, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे.
ससुराल में मिला संदिग्ध हाल में शव
दरअसल, नोएडा की रहने वाली मॉडल ट्विशा का शव 12 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में फंदे लटका मिला था. ट्विशा की ससुराल भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में है, जिसकी शादी रिटायर्ड जिला प्रधान न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ से हुई थी. इस मामले में परिजनों ने सास और पति पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं, ट्विशा के परिजन पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगा रहे हैं कि थाने में सख्त धाराओं में केस दर्ज नहीं किया गया है.
डेटिंग ऐप से मुलाकात और 5 महीने में मौत का खौफनाक अंत
गौरतलब है कि मॉडल ट्विशा शर्मा की मुलाकात अपने पति समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. समर्थ पेशे से क्रिमिनल लॉयर है. दिसंबर 2025 में दोनों की धूमधाम से शादी हुई थी, लेकिन शादी के महज 5 महीने बाद ही 12 मई 2026 को ट्विशा की संदिग्ध मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि ट्विशा की सास और पति ने मिलकर उसकी हत्या की है.
अब सबकी नजरें सोमवार को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां कोर्ट ट्विशा के पति समर्थ सिंह की जमानत याचिका पर अपना फैसला सुनाएगा. वहीं, जिला न्यायालय ने शुक्रवार को उनकी अग्रिम जमानत अर्जी स्वीकार कर ली. वर्तमान में गिरिबाला सिंह जिला उपभोक्ता फोरम बेंच-2 की अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं. वहीं, दिल्ली एम्स की पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस पूरे मामले से पर्दा उठाने में सबसे अहम कड़ी साबित होने वाली है.
इन धाराओं में दर्ज है मामला
कटारा हिल्स थाना पुलिस ने मृतका के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 3(5) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- भोपाल में ट्विशा शर्मा के साथ आखिरी रात को क्या हुआ? मैट्रिमोनियल साइट से रिटायर्ड जज के वकील बेटे से की शादी