विज्ञापन
This Article is From Mar 22, 2026

प्रधान पाठक ने महिला टीचर को किया बैड टच! पीड़िता ने कहा- विभाग ने नहीं लिया एक्शन

नर्मदापुरम के छीरपानी क्षेत्र में एक महिला शिक्षिका ने स्कूल के प्रधान पाठक अरविंद चिमानिया पर बैड टच, छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए. पथरौटा थाने में एफआईआर के बावजूद विभागीय कार्रवाई न होने पर सवाल उठे.

प्रधान पाठक ने महिला टीचर को किया बैड टच! पीड़िता ने कहा- विभाग ने नहीं लिया एक्शन

Teacher Harassment Case: नर्मदापुरम जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला शिक्षिका ने अपने स्कूल के प्रधान पाठक पर बैड टच, छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. हैरानी की बात यह है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे महिला शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.

प्रधान पाठक पर गंभीर आरोप

पीड़ित शिक्षिका ने बताया कि वह 25 जून 2025 से छीरपानी क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल में पदस्थ हैं. उनका आरोप है कि स्कूल के प्रभारी शिक्षक और प्रधान पाठक अरविंद चिमानिया लंबे समय से उन्हें मानसिक रूप से परेशान करते थे. शिक्षिका का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी उन्हें धमकाते भी थे.

प्राचार्य कक्ष में बुलाकर छेड़छाड़ का आरोप

शिक्षिका ने अपनी एफआईआर में लिखा है कि 30 जून को दोपहर करीब 11 बजे आरोपी प्रधान पाठक ने रजिस्टर दिखाने के बहाने उन्हें प्राचार्य कक्ष में बुलाया. वहां उन्होंने गलत नीयत से उन्हें छूने की कोशिश की. इस घटना से आहत होकर शिक्षिका ने तुरंत पुलिस और विभाग, दोनों जगह शिकायत दर्ज कराई.

एफआईआर के बावजूद कार्रवाई नहीं

पीड़िता का कहना है कि पथरौटा थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपी के खिलाफ विभागीय स्तर पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया. यही वजह है कि मामला और गंभीर हो गया है. उनका कहना है कि यह घटना महिला शिक्षकों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है.

स्कूल में कुप्रथाओं का भी आरोप

शिक्षिका ने एक और बड़ा खुलासा किया कि स्कूल में बच्चों से बर्तन धुलवाए जाते हैं. इस बात के वीडियो भी उन्होंने उपलब्ध कराए हैं. इसके अलावा शिक्षिका ने आरोप लगाया कि आरोपी शिक्षक स्कूल में शराब पीकर आने की आदत रखते थे.

विभाग की सफाई और जांच समिति गठित

जनजातीय कार्य विभाग की सहायक संचालक आशा मौर्य ने बताया कि उन्हें शिक्षिका का आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसमें छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए एक समिति बनाई गई है और सात दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com