लोन दिलाने के नाम पर महिला ने लिए 3 लाख, युवक ने पिया जहर; परिजनों ने थाने में शव रखकर किया प्रदर्शन 

नर्मदापुरम के बालागंज में लोन दिलाने के नाम पर 3 लाख की ठगी और कर्जदाताओं के दबाव से परेशान युवक शैलेंद्र जाटव ने जहर खा लिया, जिसकी इलाज के दौरान एम्स भोपाल में मौत हो गई. परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव थाने में रखकर प्रदर्शन किया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Narmadapuram Loan Fraud Case: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम के बालागंज में लोन दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार हुए एक युवक की मौत से हंगामा मच गया. परिवार का आरोप है कि एक महिला ने 15 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर उससे 3 लाख रुपये ले लिए, जिनके लिए कर्जदार लगातार दबाव बना रहे थे. इसी परेशानी में युवक ने जहर पी लिया और इलाज के दौरान एम्स भोपाल में उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव थाने में रखकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की.

ठगी का आरोप और कर्ज का दबाव

परिजनों के मुताबिक शैलेंद्र जाटव से एक महिला ने 15 लाख रुपये का लोन दिलाने का भरोसा देकर 3 लाख रुपये वसूल लिए. यह रकम शैलेंद्र ने अलग‑अलग लोगों से कर्ज लेकर जुटाई थी. बाद में लोन न मिला और कर्जदारों का दबाव बढ़ता गया. परिवार का कहना है कि इसी तनाव ने उसे चरम कदम उठाने पर मजबूर कर दिया.

बीमारी की हालत में मिला, फिर मौत

परिवार ने बताया कि शनिवार रात शैलेंद्र नर्मदा किनारे काले महादेव मंदिर के पास खराब हालत में मिला. डॉक्टरों ने जांच में जहर (पॉइजन) सेवन की बात कही. हालत गंभीर होने पर उसे एम्स, भोपाल रेफर किया गया, जहां रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को नर्मदापुरम लाया गया.

थाने में शव रखकर प्रदर्शन

आक्रोशित परिजन शव लेकर कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. परिजनों ने कहा कि या तो शैलेंद्र ने खुद जहर पिया, या उसे पिलाया गया. इसकी निष्पक्ष जांच हो. थाने के बाहर परिजनों ने हत्या की आशंका भी जताई और विस्तृत जांच की मांग रखी.

Advertisement

परिवार का बयान: पहले ठगी, फिर दबाव 

मृतक के चाचा दुलारे ने बताया कि शैलेंद्र पुष्पक लॉज के सामने एक बैग की दुकान में काम करता था. 3 लाख रुपये उसने उधार में जुटाए थे, जिन्हें लौटाने का दबाव लगातार बढ़ रहा था. परिवार का आरोप है कि लोन दिलाने का वादा करने वाली महिला के खिलाफ कार्रवाई हो और उसके साथ जुड़े लोगों की भी जांच की जाए.

पुलिस की कार्रवाई और जांच की दिशा

एसआई हेमंत निशोद के अनुसार 27 वर्षीय शैलेंद्र जाटव की मौत हुई है. परिजनों ने जहर पीने की बात कही है. पुलिस ने मामला जांच में लिया है और कहा है कि यदि किसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, ठगी के आरोप और कर्ज वसूली के दबाव की हर एंगल से जांच की जा रही है.

Advertisement