Nari Shakti Vandan Adhiniyam: महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मध्य प्रदेश में आगामी 10 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक प्रदेशव्यापी ‘नारी शक्ति वंदन' (Nari Shakti Vandan) पखवाड़ा मनाया जाएगा. राज्य शासन ने इसे जन‑उत्सव के रूप में आयोजित किए जाने के निर्देश जारी किए हैं. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम' (Nari Shakti Vandan Act) के प्रावधानों से परिचित कराना और महिला नेतृत्व के योगदान का उत्सव मनाना है.
राजधानी भोपाल से होगा अभियान का शंखनाद
‘नारी शक्ति वंदन' पखवाड़े का शुभारंभ राजधानी भोपाल के रवीन्द्र भवन स्थित हंसध्वनि सभागार में आयोजित राज्य‑स्तरीय सम्मेलन से होगा. इस अवसर पर समाज के प्रबुद्धजनों की सहभागिता के साथ महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार‑विमर्श किया जाएगा.
Nari Shakti Vandan: नारी शक्ति वंदन को लेकर एमपी में अभियान
संभागीय और जिला स्तर पर होंगे भव्य सम्मेलन
राज्य‑स्तरीय कार्यक्रम के साथ‑साथ प्रदेश के सभी संभाग मुख्यालयों तथा छिंदवाड़ा, खरगोन और मंदसौर जिला मुख्यालयों पर भी भव्य ‘नारी शक्ति वंदन' सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे. इन सम्मेलनों में महिला सांसदों, विधायकों, महापौरों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सफल महिला उद्यमियों को सम्मानित कर उनके प्रेरणादायी अनुभव साझा किए जाएंगे.
हर क्षेत्र में निकलेगी ‘नारी शक्ति पदयात्रा'
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रत्येक लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र में ‘नारी शक्ति पदयात्रा' निकाली जाएगी, जिसमें समाज की प्रबुद्ध महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी. वहीं युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विशेष ‘नारी शक्ति वंदन दीवार' (Wall of Message) तैयार की जाएगी, जहां युवा पेंटिंग और संदेशों के माध्यम से अपने विचार व्यक्त करेंगे.
अंबेडकर जयंती पर होंगी विशेष ग्राम सभाएं
पखवाड़े का एक प्रमुख चरण 14 अप्रैल, डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित होगा. इस दिन प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायतों में ‘विशेष ग्राम सभाएं' आयोजित की जाएंगी. बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ‑साथ नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. इसके अलावा त्रि‑स्तरीय पंचायतों, नगरीय निकायों और शैक्षणिक संस्थानों में गोष्ठियां और सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे.
शिक्षा संस्थानों में प्रतियोगिताएं और व्याख्यान
उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और स्कूलों में व्याख्यान, प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि भावी पीढ़ी महिला सशक्तिकरण के कानूनी और सामाजिक पहलुओं को बेहतर ढंग से समझ सके.
जन‑प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी अनिवार्य
राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में जन‑प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि ‘नारी शक्ति वंदन' को एक लोक‑उत्सव के रूप में सफलतापूर्वक मनाया जा सके.
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: अप्रैल में भी मिलेंगे 1500 रुपये, जानिए कब आएगी लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त?
यह भी पढ़ें : फंड की कमी का बहाना नहीं चलेगा; पेंशन के लिए कुर्सी-टेबल बेचें, लाडकी बहन जैसी योजना बंद करें: बॉम्बे हाईकोर्ट
यह भी पढ़ें : MP पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी; ESB पर ऐसे देखें परिणाम
यह भी पढ़ें : गेहूं खरीदी के साथ MP में सियासत शुरू; सड़कों पर किसान आंदोलन, सीहोर में कांग्रेस ने कुत्ते को बनाया कलेक्टर