मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के पाली पुलिस थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहाँ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 41 लोग घायल हो गए हैं. घायलों में से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद शहडोल के सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया है.
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम गीजरी के निवासी एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिजोरा गए थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस लौटते समय, अनूपपुर और उमरिया की सीमा पर स्थित बिजोरा टोला के आगे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और यह बड़ा हादसा हो गया.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही एसडीएम मीनाक्षी बंजारे और एसडीओपी (SDOP) एस. सी. बोहित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे. उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पाली अस्पताल पहुँचाया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जाँच में जुटी हुई है.
'बड़े देव' की पूजा करने जा रहे थे
एसडीओपी एस. सी. बोहित ने बताया कि उमरिया के कई गांवों के लोग 'बड़े देव' की पूजा करने जा रहे थे, तभी शनि मंदिर के आगे यह दुर्घटना हो गई. एक पुलिया पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस और प्रशासन की टीम कुल 43 लोगों को पाली के सरकारी अस्पताल लेकर आई थी, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही दो और घायलों ने दम तोड़ दिया. वर्तमान में 41 लोगों का उपचार किया गया है, जिनमें से छह लोगों की हालत अत्यंत गंभीर है.
मोड़ पर वह वाहन को संभाल नहीं पाया चालक
एसडीएम मीनाक्षी बंजारे ने बताया कि अनूपपुर और उमरिया जिले के बॉर्डर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से यह हादसा हुआ है. शुरुआती तौर पर 45 से 50 लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी, जिनमें से चार लोगों की मौत हो चुकी है. घटनास्थल का मुआयना करने से प्रतीत होता है कि चालक ट्रैक्टर को अत्यधिक तेज गति से चला रहा था और मोड़ पर वह वाहन को संभाल नहीं पाया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर पलट गई.