इंदौर से 15 जुलाई से अबूधाबी के लिए शुरू होगी सीधी उड़ान, सीएम डॉ. मोहन यादव दिखाएंगे हरी झंडी

इंदौर से अबूधाबी के बीच 15 जुलाई से सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे यात्रियों और कारोबारियों को बड़ी राहत मिलेगी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

मध्य प्रदेश के इंदौर से संयुक्त अरब अमीरात के शहर अबूधाबी के लिए आगामी 15 जुलाई से सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 से इस पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इस नई उड़ान के शुरू होने से इंदौर को पहली बार अबूधाबी से सीधा एयर कनेक्शन मिलने जा रहा है. इस उद्घाटन को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं.

सप्ताह में चार दिन मिलेगी फ्लाइट, समय और पैसे की होगी बचत

इंदौर से अबूधाबी के बीच यह विमान सेवा सप्ताह में चार दिन उपलब्ध रहेगी. यात्री हर सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को इस फ्लाइट से यात्रा कर सकेंगे. अब तक इंदौर और मालवा-निमाड़ अंचल से यूएई या अन्य खाड़ी देशों में जाने वाले यात्रियों को वाया दिल्ली या मुंबई होकर जाना पड़ता था. कनेक्टिंग फ्लाइट्स के कारण यात्रियों को 8 से 10 घंटे का समय लगता था और खर्च भी अधिक होता था. इस सीधी उड़ान के शुरू होने से यात्रा का समय घटकर महज 3.5 से 4 घंटे रह जाएगा, जिससे यूएई जाने वाले आम यात्रियों, वहां रहने वाले अप्रवासी भारतीयों और कारोबारियों को बड़ी राहत मिलेगी.

Advertisement

इंटरनेशनल कार्गो और बिजनेस को मिलेगी रफ्तार

इंदौर से अबूधाबी के लिए सीधी पैसेंजर फ्लाइट शुरू होने का सबसे बड़ा फायदा स्थानीय व्यापार को मिलेगा. इंदौर एयरपोर्ट पर पहले से ही इंटरनेशनल कार्गो (माल ढुलाई) की सुविधा मौजूद है. इस सीधी उड़ान से मालवा अंचल के रेडीमेड गारमेंट्स, फार्मा उत्पाद (दवाइयां), और नमकीन जैसे प्रसिद्ध खाद्य पदार्थों को सीधे खाड़ी देशों के बाजारों तक कम समय में पहुंचाया जा सकेगा. इससे न सिर्फ लॉजिस्टिक्स का खर्च कम होगा, बल्कि स्थानीय एक्सपोर्टर्स को नए अंतरराष्ट्रीय खरीदार भी मिलेंगे.
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में मानसून का रौद्र रूप! भिंड में रेड अलर्ट, ग्वालियर-चंबल समेत 9 जिलों में भारी बारिश का अनुमान

टूरिज्म को बढ़ावा: उज्जैन-ओंकारेश्वर आना होगा आसान

इस सीधी कनेक्टिविटी से मध्य प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र, विशेषकर धार्मिक पर्यटन को बड़ा बूस्ट मिलने की उम्मीद है. उज्जैन के श्री महाकाल लोक और ओंकारेश्वर के एकात्म धाम (स्टैच्यू ऑफ वननेस) के कारण पिछले कुछ समय से विदेशी और अप्रवासी भारतीय (NRI) पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है. अब अबूधाबी से सीधा एयर कनेक्शन मिलने के कारण खाड़ी देशों और वहां से कनेक्टिंग फ्लाइट्स के जरिए दुनिया के अन्य हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए इंदौर एयरपोर्ट उतरकर सीधे इन धार्मिक स्थलों तक पहुंचना बेहद सुगम हो जाएगा.
ये भी पढ़ें: VIDEO: महाकाल मंदिर क्षेत्र में फायर सेफ्टी अधिकारी की पिटाई, होटल कारोबारी ने जड़े चार थप्पड़

Topics mentioned in this article