भिंड में तेज आंधी और बारिश से 3 की मौत, रीवा में सुबह हुई बरसात से बदला मौसम का मिजाज

भिंड में तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण घरों की दीवारें व छतें गिरने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. वहीं, रीवा में सुबह हुई तेज बारिश से पारा गिरने के कारण लोगों को 45 डिग्री की भीषण गर्मी से राहत मिली है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
रीवा में सुबह हुई तेज बारिश से भीषण गर्मी से मिली राहत. (File Photo)
भिंड:

मध्यप्रदेश के भिंड जिले में शुक्रवार शाम तेज आंधी और बारिश से एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. मौसम में अचानक हुए बदलाव में सैकड़ों मवेशियों की भी मौत हो गई. तेज आंधी के कारण कई जगह मकानों की दीवारें व पेड़ गिर गए.

भिंड के जिलाधिकारी किरोडी लाल मीना ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि जिले में तेज आंधी के साथ बारिश होने और बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि घरों की छत और दीवार गिरने से अतरसोहा तहसील में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो घायल हो गए जबकि भिंड तहसील के ग्राम सदरीपूरा में एक व्यक्ति की मौत हो गई.

Advertisement

घायलों का चल रहा इलाज 

मीना ने बताया कि गोहद तहसील के ग्राम सर्वा में एक महिला की मौत हो गई और दो बच्चियां घायल हो गई. उन्होंने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कानूनी प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.  

रीवा में बदला मौसम का मिजाज 

रीवा में तेज गर्जना के साथ शनिवार सुबह लगभग 4:00 बजे आधे घंटे से ज्यादा तक समय तक तेज बारिश हुई. जिससे मौसम का मिजाज बदल गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. बता दें कि फिलहाल रीवा का तापमान 45 डिग्री के आसपास चल रहा है, शहर भट्टी की तरह तप रहा है. बारिश से लोगों को इससे राहत मिलने की उम्मीद जगी है. 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)