MP Weather: ग्वालियर से रीवा तक बारिश से बदलेगा MP का मौसम, कई जिलों में अलर्ट; IMD ने जारी की चेतावनी

MP Weather News: IMD भोपाल का अलर्ट. मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी‑तूफान, बिजली और बारिश के आसार. तापमान में गिरावट संभव, किसानों को सलाह.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
मध्य प्रदेश में आंधी तूफान और बारिश को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट

MP Weather News: मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भोपाल मौसम केंद्र ने बुधवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में आंधी‑तूफान, गरज‑चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. खासतौर पर उत्तर और पश्चिमी मध्य प्रदेश के जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना जताई गई है. लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

पिछले 24 घंटे में कहां हुई बारिश

मौसम विभाग के दैनिक बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान ग्वालियर और जबलपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है. हालांकि, प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम अधिकतर शुष्क बना रहा. बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट देखी गई.

Advertisement

MP Weather News: मध्य प्रदेश का मौसम

सामान्य से नीचे रहा तापमान

आईएमडी के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश संभागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 से 3.6 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया. सबसे अधिक तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम में रिकॉर्ड किया गया, जबकि प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश और बादल छाए रहने से आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट संभव है.

इन जिलों में बारिश और गरज‑चमक की संभावना

मौसम विभाग ने विदिशा, राजगढ़, रतलाम, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में कहीं‑कहीं बारिश या गरज‑चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है.

कुछ जिलों में ओलावृष्टि का भी खतरा

ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना जिलों में आंधी‑तूफान के साथ ओलावृष्टि होने की भी आशंका जताई गई है. आईएमडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उत्तर और पश्चिमी मध्य प्रदेश के इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओले गिर सकते हैं, जिससे फसलों को नुकसान होने का खतरा है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से घरों के भीतर रहने की अपील की है. सलाह में कहा गया है कि तूफान के समय खिड़की‑दरवाजे बंद रखें, अनावश्यक यात्रा से बचें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें. साथ ही बिजली के उपकरणों को प्लग से निकाल दें और धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखें.

Advertisement

किसानों के लिए खास एडवाइजरी

किसानों को मौसम विभाग ने सिंचाई, उर्वरक या कीटनाशक छिड़काव फिलहाल रोकने की सलाह दी है. इसके अलावा फसलों को सहारा देने, पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने, खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने और कटी हुई फसल को ढककर रखने की भी हिदायत दी गई है.

आगे और बिगड़ सकता है मौसम

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 11 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के मौसम में आगे और बदलाव देखने को मिल सकता है. ऐसे में अगले कुछ दिनों तक मौसम पर नजर बनाए रखना जरूरी होगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें : MP Weather: आंधी‑बारिश का दौर, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका; कई जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी

यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: अप्रैल में भी मिलेंगे 1500 रुपये, जानिए कब आएगी लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त?

यह भी पढ़ें : MP Cabinet Decisions: आंबेडकर जयंती से किसान कल्याण तक जानिए मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले

यह भी पढ़ें : आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से एवरेस्ट तक; छत्तीसगढ़ की बेटी अमिता श्रीवास के हौसले को CM साय का सलाम