एमपी में गर्मी दिखा रही तेवर, 20 से ज्यादा जिलों में तापमान 40 के पार; चार जिलों में बदला स्कूलों का समय

मध्य प्रदेश में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है और मौसम विभाग ने लू की चेतावनी जारी की है. भीषण गर्मी को देखते हुए ग्वालियर, नर्मदापुरम सहित चार जिलों में स्कूलों का समय बदला गया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

MP ka Mausam: मध्य प्रदेश में अप्रैल की शुरुआत में ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. हालात ऐसे हो गए हैं कि प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. तेज धूप और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है. लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए ग्वालियर और नर्मदापुरम जैसे जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव करना पड़ा है. मौसम विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा परेशान कर सकती है.

प्रदेश के 20 जिलों में लू की चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रदेश के करीब 20 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. अप्रैल के पहले पखवाड़े में ही तापमान इस कदर बढ़ जाना इस बात का संकेत है कि मई और जून में हालात और ज्यादा मुश्किल हो सकते हैं. दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं.

Advertisement

तेज धूप से बचने को लोग कर रहे जुगाड़

दोपहर के समय तेज धूप से बचने के लिए लोग गमछा, टोपी और छाते का सहारा लेते दिख रहे हैं. सबसे ज्यादा परेशानी पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है. गर्मी से राहत पाने के लिए नींबू पानी, गन्ने का रस और ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी हुई है.

कई जिलों में पारा 40 से 43 डिग्री तक पहुंचा

शुक्रवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर विदिशा रहा, जहां तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया. इसके अलावा रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा. मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन का कहना है कि 19 और 20 अप्रैल को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है.

गर्मी से बढ़ रही मौसमी बीमारियां

लगातार बढ़ती गर्मी का असर सेहत पर भी दिखने लगा है. अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, चक्कर, बुखार और पेट से जुड़ी शिकायतों के मरीज बढ़ रहे हैं. डॉक्टर धीरज शुक्ला की सलाह है कि लोग अधिक से अधिक पानी पिएं, धूप में निकलने से बचें और हल्का भोजन करें.

स्कूलों के समय में किया गया बदलाव

भीषण गर्मी को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है. अनूपपुर में स्कूल अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेंगे. डिंडौरी में नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 से 12 बजे तक संचालित होंगी.

Advertisement

नर्मदापुरम और ग्वालियर में भी बदला समय

नर्मदापुरम में कलेक्टर के आदेश पर सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगे, जबकि शिक्षक स्टाफ के लिए 1:30 बजे तक का समय तय किया गया है. वहीं ग्वालियर में भीषण गर्मी को देखते हुए कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूलों का समय दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया है. हालांकि परीक्षाएं अपने तय समय पर ही होंगी. प्रशासन ने अपील की है कि लोग सतर्क रहें और गर्मी से बचाव के सभी उपाय अपनाएं.