1 month ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Live Updates: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आज (5 मार्च 2026) का दिन राजनीतिक रूप से खास माना जा रहा है. एक ओर छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने की अंतिम तारीख है, वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपना 66वां जन्मदिन अलग अंदाज़ में मनाने की तैयारी में हैं. दोनों राज्यों में राजनीतिक हलचल और आयोजनों के चलते सुबह से ही गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिससे पूरे दिन राजनीतिक चर्चाओं का माहौल बने रहने के आसार हैं.

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारिख

राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए छत्तीसगढ़ की दो सीटों पर 16 मार्च को मतदान होना है. नामांकन प्रक्रिया 5 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक विधानसभा भवन में पूरी की जाएगी. इस चुनाव में संख्या बल को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा दोनों को एक‑एक सीट मिलने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है. कांग्रेस ने फूलो देवी नेताम को दोबारा उम्मीदवार बनाकर अपना संकेत स्पष्ट कर दिया है. वहीं बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा को प्रत्याशी बनाया है. 

शिवराज मामा का जन्मदिन

इधर, मध्य प्रदेश में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज अपना 66वां जन्मदिन विदिशा में “प्रेम‑सेवा संकल्प दिवस” के रूप में मनाएंगे. इस अवसर पर वे मामा कोचिंग, चलित अस्पताल और प्रतिभा सम्मान जैसी नई पहल की शुरुआत करेंगे. शिवराज सिंह चौहान समर्थकों से अपील कर रहे हैं कि लोग इस दिन एक पौधा लगाकर “शिव वृक्ष मित्र” बनें और सेवा तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश आगे बढ़ाएं.  

Mar 05, 2026 22:58 (IST)

एमपी में पुलिस थाने में पथराव, सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बवाल

एमपी के खंडवा के मोघट थाना क्षेत्र में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर तनाव बढ़ गया, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराने पहुंची भीड़ ने थाने परिसर में पथराव कर दिया. पुलिस ने हालात बिगड़ते देख हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर‑बितर किया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली व पदम नगर थाने का बल भी मौके पर बुलाया. ASP और CSP सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली. दरअसल, इंस्टाग्राम पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसकी शिकायत मुजाहिद कुरैशी ने दर्ज कराई थी. पुलिस ने BNS की धारा 199 में केस दर्ज कर पोस्ट करने वाले व्यक्ति को राउंड‑अप भी किया. इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचकर दबाव बनाने लगे, जिससे लॉ‑एंड‑ऑर्डर की स्थिति उत्पन्न हो गई. पुलिस ने अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी के लिए पुलिस को तुरंत सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.

Mar 05, 2026 20:51 (IST)

IND vs ENG T20 World Cup Semi-Final: भारत ने इंग्लैंड को दिया 254 का टारगेट

भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रन का लक्ष्य दिया. इस मैच में सूर्यकुमार यादव 11 रन बनाकर आउट हुए. संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 89 रन बनाए और ईशान के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 तथा शिवम के साथ तीसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की. ईशान किशन 39 रन और अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर आउट हुए.  

Advertisement
Mar 05, 2026 20:35 (IST)

राज्यसभा का नामांकन भरने पर सीएम साय ने नितिन नबीन को दी शुभकामनाएं

राज्यसभा का नामांकन भरने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को बधाई और शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नितिन नबीन के कुशल मार्गदर्शन, सांगठनिक क्षमता और दूरदर्शी नेतृत्व में भाजपा लगातार मजबूत हो रही है और करोड़ों कार्यकर्ताओं में सेवा, समर्पण व राष्ट्रहित के प्रति नई चेतना जागृत हुई है. उन्होंने विश्वास जताया कि संसद में नितिन नबीन की गरिमामयी उपस्थिति राष्ट्रहित के मुद्दों को नई ऊर्जा और शक्ति देगी.

Mar 05, 2026 20:21 (IST)

कप्तान सूर्या का विकेट गिरा, 11 रन बनाकर हुए आउट

IND vs ENG T20 World Cup Semi-Final: भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने 15.4 ओवर में 4 विकेट पर 190 रन बना लिए हैं. कप्तान सूर्यकुमार यादव सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए. इससे पहले संजू सैमसन शानदार 89 रन की पारी खेलकर विल जैक्स की गेंद पर फिल सॉल्ट को कैच दे बैठे. जैक्स को यह दूसरा विकेट मिला, उन्होंने पावरप्ले में अभिषेक शर्मा को भी 9 रन पर पवेलियन भेजा था. वर्तमान में शिवम दुबे क्रीज पर टिके हुए हैं.

Mar 05, 2026 19:48 (IST)

भारत का दूसरा विकेट गिरा, ईशान 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे

भारत का दूसरा विकेट 117 रन के स्कोर पर गिरा, जब ईशान किशन 18 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हो गए और पवेलियन लौटे. इससे पहले अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर विल जैक्स की गेंद पर फिल सॉल्ट को कैच देकर आउट हुए. टीम इंडिया ने 9.3 ओवर में दो विकेट पर 117 रन बना लिए हैं और इस वक्त संजू सैमसन क्रीज पर मौजूद हैं.

Mar 05, 2026 19:26 (IST)

ईरान इजराइल युद्ध का असर, पेट्रोल पंप पर लगी लंबी-लंबी लाइनें

ईरान‑इजराइल युद्ध के असर की अफवाहों के बीच नर्मदापुरम जिले में पेट्रोल पंपों पर लंबी‑लंबी लाइनें लग गईं, क्योंकि बाजार में यह चर्चा फैल गई कि पेट्रोल‑डीजल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. सुबह से ही कई पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी, जहां किसान अपनी खेती के लिए डीजल लेने लाइन में खड़े नजर आए, जबकि आम लोग पेट्रोल भरवाने की कोशिश में लगे रहे. कुछ पेट्रोल पंपों पर डीजल की कमी भी दिखने लगी, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई.

Advertisement
Mar 05, 2026 19:11 (IST)

9 रन बनाकर आउट अभिषेक शर्मा

टीम इंडिया ने 2 ओवर में एक विकेट पर 20 रन बना लिए हैं. अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर आउट हुए. संजू सैमसन और ईशान किशन क्रीज पर हैं. अभिषेक के विल जैक्स ने फिल सॉल्ट के हाथों कैच कराया.

Mar 05, 2026 18:37 (IST)

IND vs ENG T20 World Cup Semi-Final: इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी

टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला जारी है. इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि टीम पहले बल्लेबाजी ही करना चाहती थी, इसलिए यह फैसला भारत के लिए भी अनुकूल रहा. दिलचस्प बात यह है कि दोनों टीमें लगातार तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में आमने-सामने हैं.

Advertisement
Mar 05, 2026 17:39 (IST)

दो पक्षों में विवाद के चलते 5 लोग घायल, जिला अस्पताल में उपचार जारी

कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र के बंगला लाइन में आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हुई झड़प में पांच लोग घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है. होली के दिन भड़के इस विवाद में ज्वलनशील पदार्थ से हमला किया गया, जिससे कुछ लोगों के चेहरे झुलस गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की. थाना प्रभारी संजय दुबे के मुताबिक मामले की जड़ पिछले दिन हुए विवाद से जुड़ी है, जिसमें कुम्हार समाज के राजू नामक व्यक्ति के पैर में चोट लगी थी और उसी रंजिश के चलते आज मारपीट हुई.

Mar 05, 2026 16:56 (IST)

हथौड़ा मारकर युवक की हत्या

दमोह देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव में एक सनकी युवक ने भाई दूज पर बहन के घर जा रहे भरत विश्वकर्मा की बेरहमी से हथौड़ा मारकर हत्या कर दी. स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी गुड्डा पटेल वारदात के बाद मृतक का खून पी रहा था और मांस खाने की कोशिश भी कर रहा था. ग्रामीणों ने उसे पकड़ने के लिए काफी मशक्कत की और खेतों में घेरकर दबोचकर पुलिस के हवाले किया. पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है, और उसकी यह हरकत पूरी तरह साइको किलर जैसी दिखाई देती है.

Mar 05, 2026 16:41 (IST)

जिला अस्पताल में युवक की मौत का VIDEO, डॉक्टर की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल

रतलाम जिला अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हार्ट अटैक से गिरे युवक को लोग खुद ही सीपीआर देते नजर आ रहे हैं, जबकि डॉक्टर कक्ष में उस समय कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था. इस घटना ने अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतक युवक रतलाम के जवाहर नगर का निवासी था, जिसे सीने में दर्द के बाद रेलवे अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया था. जिला अस्पताल पहुंचते ही वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा और लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई. वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही को लेकर तीखी चर्चाएँ शुरू हो गई हैं, हालांकि अभी तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.

Mar 05, 2026 16:36 (IST)

अंतर्राष्ट्रीय शूटर गैंग हैरी बॉक्सर-ऋतिक बॉक्सर के गुर्गे गिरफ्तार

अंतर्राष्ट्रीय शूटर गैंग हैरी बॉक्सर और ऋतिक बॉक्सर के गुर्गे मनीष जांगिड़ को अशोकनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. कुछ दिनों पहले गैंग ने एक व्यापारी से 10 करोड़ की फिरौती मांगी थी और मनीष व्यापारी के घर के बाहर पेट्रोल बम से धमाका कर दहशत फैलाने की तैयारी में था. वह पिछले आठ दिनों से फर्जी आधार कार्ड के सहारे लॉज में ठहरा हुआ था और लगातार व्यापारी की रेकी कर रहा था. हैरी बॉक्सर और ऋतिक बॉक्सर उससे लगातार संपर्क में थे और उसे निर्देश दे रहे थे. गश्त के दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया और तीनों के खिलाफ कोतवाली थाना अशोकनगर में मामला दर्ज किया गया.

Mar 05, 2026 16:13 (IST)

यात्री प्रतीक्षालय में लगी भीषण आग, दमकल की टीम ने पाया काबू

धमतरी जिले के नगरी नगर पंचायत स्थित गांधी बल उद्यान के यात्री प्रतीक्षालय में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे ऊपरी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि फिलहाल वजह स्पष्ट नहीं है. हादसे में प्रतीक्षालय को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से सार्वजनिक स्थलों पर बिजली व्यवस्था की नियमित जांच की मांग की है.

Mar 05, 2026 15:46 (IST)

जबलपुर में पुलिसवालों की होली, एसपी-कलेक्टर के साथ जमकर उड़ाया गुलाल

जबलपुर में होली का जश्न पुलिस लाइन में खास अंदाज़ में देखने को मिला, जहां होली के दूसरे दिन पुलिसकर्मियों ने एसपी संपत उपाध्याय और कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के साथ जमकर गुलाल उड़ाया. इस दौरान पुलिस जवान पहली बार वाटर कैनन की बौछार में होली खेलते नजर आए और मज़ेदार बात ये रही कि उपद्रवियों पर चलने वाला वाटर कैनन आज पुलिस ने खुद पर ही इस्तेमाल किया। पूरे कार्यक्रम में रंग, उत्साह और मस्ती का माहौल छाया रहा.

Mar 05, 2026 15:39 (IST)

मेडिकल कॉलेज में विवाद, स्टूडेंटस को कार से कुचलने की कोशिश

रतलाम मेडिकल कॉलेज में होली खेल रहे छात्रों और डॉक्टर रजत अली खान के बीच रास्ता बदलने की बात पर विवाद हो गया, जिसके बाद आरोप है कि डॉक्टर रजत अली खान ने अपनी कार से कुछ छात्रों को टक्कर मारने की कोशिश की. घटना का वीडियो सामने आया है और इस विवाद में तीन छात्र घायल हुए हैं. दोनों पक्षों ने औद्योगिक थाना में शिकायत दर्ज करवाई है, जबकि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन भी कार्रवाई की तैयारी में है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Mar 05, 2026 14:47 (IST)

MP Crime News: नाबालिग लड़की और युवक का शव पहाड़ के नीचे मिला

मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में एक युवक और नाबालिग लड़की का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पहाड़ के नीचे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. दोनों के शव विक्रमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के छीरपानी गांव से लगे पहाड़ी इलाके में पाए गए. आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की. हालांकि, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही साफतौर पर कुछ कहा जा सकता है. 

Mar 05, 2026 14:40 (IST)

Khandwa News: घायलों को बाइक से इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचाया

Khandwa News: खंडवा के मूंदी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सड़क दुर्घटना में घायल दो युवकों को अस्पताल पहुंचाने का एक अलग तरीका सामने आया. जहां दो अन्य युवक ने घायलों को बाइक पर बैठाकर इमरजेंसी वार्ड तक ले आए, इसके बाद उन्हें तुरंत उपचार दिया गया. इस का तरह का सीन फिल्म '3 इडियट्स' में भी दिखाया गया था. इसका वीडियो वायरल   हो रहा है. 

Mar 05, 2026 13:27 (IST)

MP Road Accident: दो हादसों में तीन की मौत, चार घायल

मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए. पहली घटना बिस्टान के पास पिपरखेड़ा में हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए. घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया है. वहीं दूसरी घटना कसरावद रोड पर हुई, जहां कार और पिकअप के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. इस दुर्घटना में कार सवार 23 वर्षीय विजय गोयल की मौके पर ही मौत हो गई. तीनों शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

Mar 05, 2026 12:15 (IST)

Rajya Sabha Election 2026: भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन

Laxmi Verma Rajya Sabha Election 2026: राज्‍यसभा चुनाव 2026 (Rajya Sabha Election 2026) के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने छत्तीसगढ़ से वरिष्ठ नेता लक्ष्‍मी वर्मा (Laxmi Verma) को उम्मीदवार बनाया है. गुरुवार 5 मार्च को उन्होंने अपना नामांकन दाखिल कर दिया. नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. लक्ष्मी वर्मा मूल रूप से बालौदबाजार जिले के मुड़पार गांव की रहने वाली हैं. उन्होंने साल 1990 में उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली थी. एक क्लिक पर पढ़ें पूरी खबर... 

Mar 05, 2026 11:07 (IST)

Shivraj Singh Chouhan: जन्मदिन पर शिवराज सिंह ने लिए संकल्प

भोपाल में केंद्रीय मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने अपने जन्मदिन के अवसर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई सामाजिक संकल्पों की घोषणा की. उन्होंने कहा कि हर जन्मदिन के साथ जीवन कम होता जाता है, इसलिए जीवन को समाज सेवा के लिए समर्पित करना जरूरी है. उन्होंने “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को समाज में मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि इस भावना तक पहुंचने का रास्ता प्रेम से होकर जाता है, लेकिन केवल प्रेम से काम नहीं चलता, सेवा भी उतनी ही जरूरी है. 

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस जन्मदिन पर उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग भाई-बहनों का जीवन आसान बनाने का संकल्प लिया है. इसके लिए बैटरी से चलने वाली ऐसी गाड़ियां उपलब्ध कराने की योजना है, जिनमें पीछे सामान रखने की भी सुविधा होगी. उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी कही. इसके तहत मोबाइल क्लीनिक की व्यवस्था करने का संकल्प लिया गया है, जिसमें डॉक्टर, दवाइयां और जांच की सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बच्चों के लिए निशुल्क कोचिंग क्लास शुरू कराने और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए लैपटॉप जैसे संसाधन उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा. साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके जन्मदिन पर कोई उपहार या श्रीफल न दें. यदि प्रेम जताना है तो एक पेड़ जरूर लगाएं और उसकी तस्वीर साझा करें, क्योंकि पर्यावरण संरक्षण से बड़ी सेवा कोई नहीं है. 

Mar 05, 2026 11:02 (IST)

छत्तीसगढ़ में 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली राजेश मारा गया. यह मुठभेड़ गुमलनार और नेलगोंडा के जंगलों में हुई. मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने मौके से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं. दंतेवाड़ा के एसपी गौरव रॉय ने मुठभेड़ में नक्सली के मारे जाने और हथियार बरामद होने की पुष्टि की है. एक क्लिक पर पढ़ें पूरी खबर... 

Mar 05, 2026 10:22 (IST)

Bhopal News: युवक की मौत के बाद अस्पताल में तोड़फोड़, पुलिसकर्मी घायल

राजधानी भोपाल के लक्ष्मी हॉस्पिटल में एक युवक की मौत के बाद बुधवार चार मार्च को जमकर हंगामा हो गया. परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की और पत्थरबाजी की. इस दौरान अस्पताल स्टाफ और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की गई. हमले में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया गया कि युवक को सिर में क्लॉटिंग की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. अब पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Mar 05, 2026 09:42 (IST)

Dhar News: होली खेलकर नहाने गए 15 साल के बच्चे की खदान में डूबने से मौत

धार के कुक्षी में होली खेलने के बाद नहाने गए 15 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई. यह हादसा कुक्षी से करीब दो किलोमीटर दूर ग्राम सुसारी में स्थित एक गिट्टी क्रेशर प्लांट की खदान में भरे पानी में हुआ. मृतक बच्चे की पहचान रौनक पिता संजय चोयल के रूप में हुई है, जो अपने चार दोस्तों के साथ नहाने गया था. 

Mar 05, 2026 08:42 (IST)

MP सरकार ने नई दिल्ली में बनाया कंट्रोल रूम

इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग के बीच मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने  वीडियो जारी कर राहत भरी जानकारी दी.  उन्होंने बताया कि मध्य पूर्व एशिया देशों में अध्ययन, नौकरी, व्यवसाय, पर्यटन, इत्यादि हेतु गए मध्यप्रदेश के निवासियों की सहायता के लिए मध्यप्रदेश भवन, नई दिल्ली में 24x7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. मध्यप्रदेश के नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए हम लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में हैं. प्रदेश के नागरिकों से मेरी अपील है कि किसी भी संकटकालीन स्थिति से बचने के लिए कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं. 

  • दूरभाष नम्बर - 011-26772005
  • व्हाट्सऐप नम्बर - 9818963273
  • ई-मेल आई.डी. - mphelpdeskgulf@gmail.com

Mar 05, 2026 08:33 (IST)

Dindori News: कार की टक्कर से एक की मौत, दो घायल

Dindori Road Accident: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले के गाड़ासरई कस्बे में हुए भीषण सड़क हादसे का एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है. 4 मार्च की शाम ठीक 5 बजकर 35 मिनट पर रिकॉर्ड हुए एक मिनट 7 सेकेंड के इस फुटेज में हादसे की भयावह तस्वीर साफ दिखाई देती है. एक क्लिक पर पढ़ें खबर... 

Mar 05, 2026 08:08 (IST)

Rajya Sabha Election 2026: पूर्व सीएम बघेल ने फूलो देवी को दी बधाई

Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा चुनाव 2026 छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने मौजूदा सांसद फूलो देवी नेताम को प्रत्याशी बनाया है. इसे लेकर प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेश बघेल फूलो देवी को बधाई दी. बघेल ने एक्स कर लिखा- बस्तर की बेटी, ऊर्जावान नेत्री, छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेतामजी को राज्यसभा चुनाव के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा पुनः नामित किए जाने पर शुभकामनाएं. हम सबको विश्वास है कि आप संसद के उच्च सदन में जनहित को लेकर पूर्व की तरह ही मुखर रहकर निर्णायक लड़ाई लड़ेंगी. 

Mar 05, 2026 08:01 (IST)

Raipur News: 14 लाख से अधिक का गांजा जब्त

Raipur Crime News: होली के मौके पर रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा जब्त किया है.  पुलिस ने आरोपी अविनाश अग्रहारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 28.621 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 14,31,050 रुपये आंकी गई है. आरोपी के खिलाफ थाना कबीर नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20सी के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है.

Mar 05, 2026 07:31 (IST)

MP News: सतना में होली पर भिड़े दो पक्ष

Violent Clash on Holi in Satna: सतना शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकुरिया टोला स्थित डाली बाबा मार्ग, पत्ती गोदाम के पीछे दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि देखते ही देखते मारपीट और पथराव की स्थिति बन गई. आरोपियों ने घर में घुसकर प्रजापति परिवार के साथ मारपीट, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जिससे मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई. एक क्लिक पर पढ़ें...

Mar 05, 2026 06:51 (IST)

Shivraj Singh Chauhan Birthday: सेवा प्रेम का अमिट रूप है...

Shivraj Singh Chauhan birthday Today: केंदीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आज 5 मार्च को जन्मदिन है. इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर    सेवा को प्रेम का अमिट रूप बताया. उन्होंने लिखा- हम अपना जन्मदिन बड़े आनंद और उत्साह के साथ मनाते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि प्रत्येक जन्मदिन के साथ हमारी आयु का एक वर्ष और कम हो जाता है. ऐसे में मन में यही विचार आ रहा है कि बचा हुआ जीवन हम कैसे सार्थक जिएं. मैं मानता हूं कि हम सभी में एक ही चेतना है, इसलिए हम सब एक हैं. हमारे शास्त्रों में भी कहा गया है कि 'आत्मवत् सर्वभूतेष', सिय राममय सब जग जानी, वसुधैव कुटुम्बकम्, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो. जब हम सबमें एक ही चेतना है, तो हम सबको अपना मानें और सबसे प्रेम करें. प्रेम का सर्वश्रेष्ठ प्रकटीकरण सेवा है, इसलिए हम सबकी सेवा करें और सबसे प्रेम करें; यही जीवन की वास्तविक सार्थकता है. मेरे हृदय में सेवा का यह संकल्प और प्रबल हो रहा है. प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना भी सेवा का ही एक पवित्र माध्यम है. पेड़ लगाकर हम धरती, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति अपना दायित्व निभा सकते हैं. मैं भी प्रतिदिन पेड़ लगा रहा हूं, आप भी एक पेड़ लगाइएं.