Bhind Murder Case: मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने न केवल पुलिस प्रशासन बल्कि आम जनता के दिल में भी खौफ पैदा कर दिया है. 16 मार्च को एक महिला अपने घर से कुछ घरेलू सामान लेने बाजार निकली थी. अकेली महिला को देखकर पांच दरिंदों ने अगवा किया, फिर सरसों के खेत में उसके साथ हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए सामूहिक दुष्कर्म किया. जब आरोपियों को लगा कि महिला उन्हें पहचान गई है और वह पकड़े जा सकते हैं, तो उन्होंने बड़ी बेरहमी से उसका गला घोंट दिया.
पाप यहीं नहीं थमा, सबूत मिटाने के लिए शव को एक प्लास्टिक की बोरी में भरकर सड़क किनारे फेंक दिया. पुलिस ने कड़ी मशक्कत और एक छोटी सी घास के तिनके जैसे सुराग के जरिए इस पूरे 'अंधे कत्ल' की गुत्थी सुलझा ली है.
सूनसान सड़क पर मिली लाश
दरअसल, 18 मार्च को सुरपुरा थाना क्षेत्र के सोई गांव के पास तब सनसनी फैल गई, जब राहगीरों ने सड़क किनारे एक संदिग्ध प्लास्टिक की बोरी देखी. बोरी के अंदर एक महिला का शव बंधा हुआ था. सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें, फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच में यह साफ हो गया था कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि एक जघन्य हत्या है. पुलिस ने जब शिनाख्त की तो पता चला कि यह वही महिला है जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 16 मार्च को अटेर थाने में दर्ज कराई गई थी.
घास के एक तिनके ने खोला राज
इस केस को सुलझाना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी, क्योंकि कोई चश्मदीद गवाह नहीं था. लेकिन एक आरक्षक की पारखी नजर ने घटनास्थल पर पड़ी कुछ खास तरह की घास और पेड़ों के पत्तों को पहचाना. यह एक अहम कड़ी साबित हुई, जिससे पुलिस को यह अंदाजा लग गया कि कत्ल किस इलाके या खेत में हुआ होगा. डीआईजी डॉ. असित यादव ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था, जिससे पुलिस टीम का मनोबल बढ़ा और जांच में तेजी आई.
शराब की पार्टी और वो खौफनाक साजिश
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में जो बताया वह वाकई डरावना है. मुख्य आरोपी सूरज शर्मा अपने चार साथियों संजू, दिनेश, हरिओम और अनिल के साथ एक ट्यूबवेल पर शराब की पार्टी कर रहा था. उसी दौरान सूरज बाजार गया और उसकी नजर उस महिला पर पड़ी. नशे में धुत सूरज ने वापस आकर अपने दोस्तों को महिला के बारे में बताया. इसके बाद पांचों ने मिलकर एक खौफनाक योजना बनाई कि कैसे महिला को रास्ते से उठाना है.
सरसों के खेत में हैवानियत और हत्या
जब वह महिला अपने घर लौट रही थी, तभी इन पांचों ने उसे घेर लिया और जबरन पास के एक सरसों के खेत में खींच ले गए. वहां बारी-बारी से सभी ने उसके साथ गैंगरेप किया. चीख-पुकार और पहचान उजागर होने के डर से आरोपियों ने महिला की गला घोंटकर जान ले ली. रात के अंधेरे में शव को ठिकाने लगाने के लिए उन्होंने उसे घास-फूस के साथ एक बोरी में भरा और दो मोटरसाइकिलों पर लादकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए.
सलाखों के पीछे पहुंचे पांचों आरोपी
पुलिस ने मुखबिरों की सटीक सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी की. दो आरोपियों को रायपुरिया के खेतों से और बाकी तीन को डिडोना गांव से धर दबोचा गया. पुलिस की सख्ती के आगे वे ज्यादा देर टिक नहीं पाए और अपना गुनाह कबूल कर लिया. फिलहाल सभी पांचों आरोपी जेल की सलाखों के पीछे हैं.