मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में 24 वर्षीय महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में मृत मिली है. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना वरला थाना क्षेत्र के दुगानी गांव के रामजी फलिया की है. ग्रामीणों ने गुरुवार दोपहर कुएं में तीन शव होने की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया. मृतकों की पहचान माया (24), उसकी तीन वर्षीय बेटी सलोनी और डेढ़ वर्षीय बेटे अयान के रूप में हुई है. घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
कैसे हुई मौत, अभी तक नहीं पता
पुलिस ने तीनों शवों को वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पोस्टमॉर्टम कक्ष में सुरक्षित रखवाया है. पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस ने क्या कहा?
एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी. प्रथम दृष्टया मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
ये भी पढ़ें- MP: जान जोखिम में डाल स्कूल जा रहे बच्चे, हर दिन नंगे पैर नदी पार करते हैं मासूम