MP News: स्कूल जा रही शिक्षिका को चलती स्कूटी पर आया 'साइलेंट अटैक', राहगीरों ने CPR देकर बचाई जान

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस में स्कूल जा रही एक शिक्षिका को अचानक साइलेंट अटैक आ गया. मौके पर मौजूद सजग नागरिकों और पुलिस जवान ने सीपीआर (CPR) देकर उनकी जान बचाई.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से इंसानियत और सूझबूझ की एक बेहद सराहनीय तस्वीर सामने आई है. यहां कैलारस क्षेत्र में स्कूल जा रही एक महिला शिक्षिका को अचानक 'साइलेंट अटैक' आ गया, जिससे वे स्कूटी सहित सड़क पर गिर पड़ीं. गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने बिना वक्त गंवाए उन्हें तत्काल सीपीआर दिया, जिससे उनकी जान बच गई.

शिक्षिका ललिता धाकड़ तिलोजरी माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ

जानकारी के अनुसार, तिलोजरी माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका ललिता धाकड़ सुबह अपनी स्कूटी से कैलारस से स्कूल पढ़ाने जा रही थीं. इसी दौरान भुराबली के पास पहुंचते ही उन्हें अचानक साइलेंट अटैक आ गया और वे अचेत होकर सड़क पर गिर गईं.

Advertisement

शिक्षिका को इस तरह गिरता देख आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े. मौके पर मौजूद डायल 112 के चालक सतेंद्र धाकड़ (जो वर्तमान में श्योपुर जिले के गसमनी थाने में पदस्थ हैं) और उनके साथी रिंकू धाकड़ भुराबली ने तुरंत मोर्चा संभाला. सतेंद्र और रिंकू ने बिना देरी किए शिक्षिका को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रीससिटेशन) देना शुरू किया. कुछ ही मिनटों की कोशिश के बाद शिक्षिका की चेतना वापस आ गई और वे बातचीत करने लगीं.

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैलारस ले जाया गया

इसके बाद स्थानीय गौ सेवकों और राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैलारस ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया. फिलहाल ग्वालियर के अपोलो हॉस्पिटल में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया और स्कूल प्रबंधन के जरिए शिक्षिका के परिजनों को मामले की सूचना दी. वहीं, मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने सतेंद्र धाकड़ और रिंकू धाकड़ की जमकर सराहना की है. लोगों का कहना है कि दोनों युवकों की सूझबूझ और सही समय पर दी गई सीपीआर की वजह से ही शिक्षिका की जान बच सकी.
 

 
Morena news, Kailaras teacher silent attack, CPR saves life, Lalita Dhakad teacher, Satendra Dhakad dial 112, Morena CPR news, Silent Heart Attack Madhya Pradesh, मुरैना समाचार, कैलारस शिक्षिका साइलेंट अटैक, सीपीआर से बची जान, Madhya Pradesh, MP News

Topics mentioned in this article