Road Accident in Mauganj: मऊगंज में दो अलग-अलग जगहों पर भीषण सड़क हादसा देखने को मिला. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए. पहली घटना मऊगंज के हनुमाना थाना क्षेत्र के मद रघुवर गांव के पास हुई. जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. ये सभी एक परिवार के सदस्य हैं.
गेट तोड़कर गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया
बताया जा रहा है कि हादसे के शिकार हुए परिवार बनारस से छत्तीसगढ़ जा रहा था. इसी दौरान ये हादसा हो गया. गाड़ी में फंसे लोगों को डायल 112 और ग्रामीणों ने गाड़ी की गेट तोड़कर बाहर निकाला. वहीं डायल 112 और 108 एंबुलेंस की मदद सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का कारण चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है. सूचना पर 112 डायल के चालक अतुल द्विवेदी और आरक्षक अभिषेक मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर घायलों को समय रहते मदद पहुंचाई.
खड़े ट्रेलर में दो बाइक की टक्कर
वहीं दूसरी घटना मऊगंज नेशनल हाईवे 135 पर देखने को मिला. यहां सड़क पर खड़े ट्रेलर में पीछे से दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में 3 लोगो की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. दोनों घायलों को मऊगंज के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को रीवा रेफर कर दिया. फिलहाल दोनों घायल रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती है, जहां उपचार जारी है. वहीं घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित रहा.
सूचना के करीब 03 किलोमीटर दूर थाना है, लेकि इसके बावजूद पुलिस एक घंटे बाद पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. खबर लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त की जा रही है.