मऊगंज जिले में एक बार फिर कानून-व्यवस्था सवालों के घेरे में है. सीएम राइज स्कूल के सामने दिनदहाड़े हुए एक सनसनीखेज हमले ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. सरेआम एक मिस्त्री पर जानलेवा हमला यह संकेत दे रहा है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हो चुके हैं. जानकारी के मुताबिक, संतलाल साकेत नामक मिस्त्री काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान कुछ दबंग युवकों ने उसे घेर लिया और अचानक हमला बोल दिया. बताया जा रहा है कि हमलावर कथित रूप से ‘गुप्ता परिवार' से जुड़े हुए हैं. उन्होंने संतलाल को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी आंखों से खून बहने लगा.
आधे घंटे तक मचा रहा तांडव, लोग बने रहे मूकदर्शक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर करीब 20 से 30 मिनट तक खुलेआम सड़क पर उत्पात मचाते रहे. इस दौरान न केवल संतलाल को पीटा गया, बल्कि बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई. हैरानी की बात यह रही कि इतने लंबे समय तक कोई भी उन्हें रोकने नहीं आया, जिससे इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल गहरा गया.
थाना पास, फिर भी देर से पहुंची पुलिस
घटनास्थल थाना क्षेत्र से बेहद करीब बताया जा रहा है, इसके बावजूद पुलिस के पहुंचने में काफी देर हो गई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस की प्रतिक्रिया बेहद धीमी रही, जिससे अपराधियों को खुला तांडव करने का मौका मिल गया.
कार्रवाई पर सवाल, जांच में सुस्ती
घटना के बाद पुलिस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घायल को डायल 112 के माध्यम से अस्पताल भेजा गया. लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों से तत्काल पूछताछ या आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कोई ठोस कदम नजर नहीं आया, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
जनता में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाए.
रीना सिंह के हाथों में मऊगंज थाने की कमान
बीते हफ्ते ही मऊगंज थाने की नई थाना प्रभारी के रूप में रीना सिंह ने कार्यभार संभाला है. हालांकि उन्होंने अपराधियों को सख्त संदेश भी दिया है कि जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ काम किया जाएगा... चाहे कोई भी व्यक्ति अपराध में संलिप्तता रहेगी तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.