Madhya Pradesh: मैहर में मृत गाय को ट्रैक्टर से घसीटने का वीडियो वायरल, जनाक्रोश भड़का

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

मध्‍य प्रदेश के मैहर जिले के नादन पुल‍िस थाना क्षेत्र अंतर्गत चपना गांव से मानवता को झकझोर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं. गांव की गौशाला से एक मृत गाय को ट्रैक्टर में बांधकर सड़क पर घसीटते हुए ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दुख का माहौल बन गया है.

गौशाला से मृत गाय को सड़क पर घसीटने का आरोप

बताया जा रहा है कि चपना गांव के सामने स्थित गौशाला में एक गाय की मौत हो गई थी. लेकिन मृत पशु के सम्मानजनक और नियमानुसार अंतिम निपटान के बजाय उसे ट्रैक्टर से रस्सी के सहारे बांधकर गांव की सड़कों पर घसीटते हुए ले जाया गया. इस दौरान सड़क पर मृत गाय को इस तरह घसीटते देख ग्रामीण स्तब्ध रह गए. किसी ने इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है.

वीडियो देख भड़के ग्रामीण और पशुप्रेमी

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह मृत पशु को ट्रैक्टर के पीछे बांधकर सड़क पर घसीटा जा रहा है. इस दृश्य ने न केवल पशुप्रेमियों बल्कि आम लोगों की भावनाओं को भी आहत किया है. लोगों का कहना है कि गाय, जिसे समाज में पूजनीय माना जाता है, उसके साथ इस प्रकार का व्यवहार निंदनीय और शर्मनाक है.

घटना के बाद ग्रामीणों और पशुप्रेमी संगठनों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है. लोगों ने सवाल उठाए हैं कि गौशालाओं के संचालन और मृत पशुओं के निपटान को लेकर बने नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया. साथ ही जिम्मेदार कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है.

Advertisement

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है. जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. 

ये भी पढ़ें- इंदौर में अमोनिया गैस लीकेज से हड़कंप, 30 से ज्यादा लोग प्रभावित, उल्टी और सांस लेने में दिक्कत